Last Updated:
राजधानी दिल्ली के कृष्णानगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय से इस वक्त की सबसे दिल दहला देने वाली और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. स्कूल परिसर के अंदर एक 12वीं कक्षा की 19 वर्षीय छात्रा ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. दिनदहाड़े स्कूल के भीतर हुई इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके और शिक्षा जगत में कोहराम मच गया है.
दिल्ली पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा की करीब 19 साल की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने स्कूल के अंदर पेट्रोल डालकर खुदकुशी कर ली.
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन सुसाइड नोट मिले हैं. दिल्ली पुलिस की अब तक की जांच में मामले में लव एंगल सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस सुसाइड नोट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
छात्रा के बैग से मिला सामान
शिक्षकों के मुताबिक, घटना के बाद छात्रा के बैग से कुछ संदिग्ध सामान मिलने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, बरामद सामान क्या था और उसका घटना से क्या संबंध है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि मृतका पीने वाले पानी की बोतल में पेट्रोल डालकर लाई थी.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है. घटना के बाद स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों में शोक का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा.
परिवार ने क्या कहा ?
छात्रा के परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया कि वह उनकी नंद थी और 12वीं कक्षा में पढ़ती थी. महिला के मुताबिक, उन्हें घटना के बारे में किसी ने जानकारी नहीं दी. वह खुद तलाश करते हुए स्कूल पहुंचीं.
परिवार की महिला ने कहा, “मेरी नंद है, 12वीं में पढ़ती थी. मैं खुद ढूंढते-ढूंढते आई हूं. मुझे किसी ने कुछ नहीं बताया.” फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. मामले में परिवार की पहचान उजागर नहीं की जा रही है.
स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया. शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
