दिल्ली में मिशन SIR: 2002 की वोटर लिस्ट से होगा मिलान, 30 जून से BLO पहुंचेंगे हर दरवाजे तक, जान लें सबकुछ

नई दिल्ली. दिल्ली की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 30 जून से शुरू होगा. अधिकारियों ने बताया कि 1.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं को शामिल करने वाली इस प्रक्रिया की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, “हमने दिल्ली में एसआईआर की तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें प्रशिक्षण भी शामिल है. इसके अलावा, इस कवायद के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) सहित कर्मियों को 20 जून से गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा.”

उन्होंने बताया कि एसआईआर के पूरा होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी. उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत घर-घर जाकर सत्यापन करने के अभियान में 13,000 से अधिक बीएलओ भाग लेंगे. अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को 2002 की मतदाता सूची से अपने नाम का सत्यापन और मिलान करने के बारे में शिक्षित करने के लिए सोमवार से एक जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा.

दिल्ली में SIR के चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा कार्यक्रम
* निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए.
* यह अभियान संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 के तहत चलाया जाएगा.
* आयोग का उद्देश्य है – ‘कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो.’

SIR का पूरा शेड्यूल
तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग : 20 जून 2026 – 29 जून 2026
BLO द्वारा घर-घर सत्यापन : 30 जून 2026 – 29 जुलाई 2026
पोलिंग स्टेशन का रेशनलाइजेशन : 29 जुलाई 2026 तक
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित : 5 अगस्त 2026
दावा और आपत्ति दर्ज करने की अवधि : 5 अगस्त – 4 सितंबर 2026
नोटिस एवं निपटान प्रक्रिया : 5 अगस्त – 3 अक्टूबर 2026
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित : 7 अक्टूबर 2026

घर-घर जाकर होगा सत्यापन
* BLO हर मौजूदा मतदाता को Enumeration Form उपलब्ध कराएंगे.
* मतदाता को फॉर्म भरकर एक प्रति BLO को वापस देनी होगी.
* ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

2002 की वोटर लिस्ट ऑनलाइन उपलब्ध
* दिल्ली में 2002 से पहले रहने वाले मतदाता 2002 की वोटर लिस्ट में अपना नाम खोज सकते हैं.
* अन्य राज्यों से 2002 के बाद दिल्ली आए लोग ECI पोर्टल पर अपने पुराने राज्य की SIR सूची में नाम खोज सकते हैं.
* मतदाताओं को AC Name, AC Number, Part Number और Serial Number जैसी जानकारी नोट कर रखने की सलाह दी गई है.

दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं
* आयोग के अनुसार Enumeration Form के साथ कोई दस्तावेज जमा करना आवश्यक नहीं होगा.
* यदि किसी मतदाता का नाम 2002 सूची में नहीं है लेकिन माता-पिता का नाम है, तो वह माता-पिता का विवरण दे सकता है.

पोलिंग स्टेशन भी होंगे कम भीड़ वाले
* ECI ने प्रति पोलिंग स्टेशन मतदाताओं की अधिकतम सीमा 1500 से घटाकर 1200 कर दी है.
* इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है.

राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ बैठकें
* CEO दिल्ली, DEO और ERO राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें करेंगे.
* अगले सप्ताह सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी बुलाई गई है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *