Last Updated:
vaibhav suryavanshi tri series live telecast: 9 जून से दाम्बुला में शुरू हो रही भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान ‘ए’ टीमों की त्रिकोणीय सीरीज का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर होगा. इस सीरीज का मुख्य आकर्षण 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने आईपीएल में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी. चोटिल रियान पराग की जगह अब तिलक वर्मा टीम की कप्तानी करेंगे और रुतुराज गायकवाड़ उपकप्तान होंगे. युवाओं से सजी इंडिया ‘ए’ टीम इस दौरे पर अपना दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है.
वैभव सूर्यवंशी के मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग इस चैनल पर देख सकते हैं.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में युवाओं के दम पर एक नया सवेरा देखने को मिल रहा है. इस बार क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि आगामी 9 जून से श्रीलंका के दाम्बुला में शुरू होने जा रही इंडिया ‘ए’, श्रीलंका ‘ए’ और अफगानिस्तान ‘ए’ के बीच त्रिकोणीय सीरीज को भारतीय फैंस घर बैठे लाइव देख सकेंगे.बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले महज 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने से पहले ही देश के कोने-कोने में अपनी पहचान बना ली है. सूर्यवंशी ने पिछले साल उस समय सुर्खियां बटोरी थीं, जब वह दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे. हालांकि, उस सीजन में उन्हें सीमित मैचों में ही खेलने का मौका मिला था.लेकिन असली धमाका तो इस साल हुआ, जब उन्होंने आईपीएल के मंच पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से ऐसा कोहराम मचाया कि हर कोई दंग रह गया.
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) ने इस सीरीज के आधिकारिक ब्रॉडकास्टिंग राइट्स हासिल किए हैं, जिसके बाद इस पूरी सीरीज का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिजिटल रूप से सोनी लिव (Sony LIV) ऐप और वेबसाइट पर किया जाएगा. ब्रॉडकास्टर का यह फैसला सिर्फ एक सीरीज का प्रसारण नहीं है, बल्कि यह फैसला लिया गया है भारतीय क्रिकेट के नए ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता को भुनाने के लिए, जो इस समय देश में एक बड़ी सनसनी बन चुके हैं.
वैभव सूर्यवंशी के मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग इस चैनल पर देख सकते हैं.
वैभव ने आईपीएल की 16 पारी में बनाए 776 रन
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने इस सीजन के 16 पारी में 237.30 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के साथ 776 रन कूट डाले और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया. उनके इसी तूफानी प्रदर्शन और गगनचुंबी छक्कों के चलते आज उन्हें देखने के लिए फैंस टीवी से चिपकने को मजबूर हैं. सोनी स्पोर्ट्स ने भी सोशल मीडिया पर इसे ‘सूर्यवंशी एक्सप्रेस’ का नाम देकर फैंस के रोमांच को दोगुना कर दिया है.
वैभव खटखटा रहे टीम इंडिया का दरवाजा
यह 15 वर्षीय युवा सनसनी अब सीनियर भारतीय टी20 टीम का दरवाजा खटखटा रहा है. इंडिया ‘ए’ टीम में उनका चयन टीम इंडिया की मुख्य कैप हासिल करने की दिशा में उनका अगला बड़ा कदम है. 9 जून से 21 जून तक चलने वाली इस त्रिकोणीय सीरीज में सभी की निगाहें इसी युवा बल्लेबाज पर टिकी होंगी, जो दाम्बुला के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी की धमक छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है.
रियान पराग की जगह रुतुराज करेंगे उप कप्तानी
महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को टीम में रियान पराग के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है, जो इस दौरे पर उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. अगर सीरीज के शेड्यूल की बात करें, तो टूर्नामेंट का आगाज 9 जून को इंडिया ‘ए’ और श्रीलंका ‘ए’ के बीच पहले वनडे मुकाबले से होगा. इसके बाद 11 जून को भारतीय टीम अफगानिस्तान ‘ए’ से भिड़ेगी। 13 जून को श्रीलंका और अफगानिस्तान का आमना-सामना होगा. टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में भारत का मुकाबला 15 जून को श्रीलंका से और 17 जून को अफगानिस्तान से होगा. 19 जून को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच आखिरी लीग मैच खेला जाएगा, जिसके बाद टूर्नामेंट की शीर्ष दो टीमें 21 जून को होने वाले महामुकाबले यानी फाइनल में खिताब के लिए आपस में टकराएंगी. इस सीरीज के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से दाम्बुला के रंगीरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे.
युवाओं से सजी भारतीय टीम है बेहद मजबूत
इस हाई-ऑक्टेन सीरीज के लिए इंडिया ‘ए’ का स्क्वाड बेहद मजबूत नजर आ रहा है, जिसमें आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं. टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में है और उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ हैं. इनके अलावा टीम में प्रियांश आर्या, स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र शामिल हैं. गेंदबाजी और ऑलराउंड विभाग को मजबूती देने के लिए विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकुल रॉय जैसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को जगह दी गई है. युवाओं से सजी यह टीम श्रीलंका की धरती पर अपना परचम लहराने और मुख्य भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
About the Author
कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
