Last Updated:
Sachin Tendulkar 70 crore land investment: सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के पास मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में 70 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है. उन्होंने इस सौदे के लिए करीब 4.20 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई, जबकि रजिस्ट्रेशन फीस 90 हजार रुपये दी.
सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में किया 70 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी निवेश.
नई दिल्ली. महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने प्रॉपर्टी में बड़ा निवेश किया है. मुंबई के पास स्थित लोनावला में उन्होंने करीब 70 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक सचिन ने कुल 3.86 एकड़ जमीन का सौदा किया है. यह लेनदेन 4 सितंबर 2026 को हुआ है. सचिन ने तीन अलग-अलग जमीनों के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन कराया. इनमें एक जमीन करीब 3.09 एकड़ की है, जबकि बाकी दो जमीनों में उन्होंने आधे हिस्से की हिस्सेदारी खरीदी है. इस सौदे में अलग-अलग जमीन के टुकड़ों के साथ एक बना हुआ ढांचा भी शामिल है.
Zapkey के मुताबिक एक जमीन करीब 3.09 एकड़ की है, जबकि बाकी दो जमीनों में उन्होंने आधे हिस्से की हिस्सेदारी खरीदी है. सचिन ने 3.09 एकड़ जमीन के लिए 63.69 करोड़ रुपये दिए. दूसरी जमीन की कीमत 4.56 करोड़ रुपये और तीसरी के लिए 1.75 करोड़ रुपये चुकाए गए. ‘मास्टर ब्लास्टर’ ने 3.09 एकड़ वाली जमीन का पूरा मालिकाना हक खरीदा है. वहीं, बाकी दोनों जमीनों में उन्हें 50-50 फीसदी हिस्सेदारी मिली है.
दस्तावेजों के अनुसार, ये तीनों प्रॉपर्टी नंदन धनंजय मेहता और विवस्वत धनंजय मेहता से खरीदी गई हैं. इस सौदे के लिए करीब 4.20 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी चुकाई गई, जबकि रजिस्ट्रेशन फीस 90 हजार रुपये रही. यह जानकारी सामने आते ही फैंस उत्साहित हो गए हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि सचिन तेंदुलकर दूसरा घर बनाने की तैयार में हैं.
सेलेब्रिटीज की पसंद है लोनावला
मुंबई से करीब 100 किलोमीटर और पुणे से लगभग 60 किलोमीटर दूर लोनावला महाराष्ट्र का मशहूर हिल स्टेशन है. खासकर बारिश और सर्दियों के मौसम में यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं. लोनावला सिर्फ घूमने के लिए ही नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी निवेश के लिए भी काफी फेमस है. यहां मुंबई, पुणे और गुजरात के लोग बड़े पैमाने पर जमीन, बंगले, फार्महाउस और विला खरीदते हैं. कई एनआरआई भी यहां प्रॉपर्टी में पैसा लगा चुके हैं. रियल एस्टेट से जुड़े जानकारों के मुताबिक लोनावला में सबसे ज्यादा सौदे तैयार विला के होते हैं.
बांद्रा में है सचिन का बंगला
सचिन तेंदुलकर का मुंबई के बांद्रा में आलीशान बंगला है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ रहते हैं. उन्होंने इस प्रॉपर्टी को 2007 में करीब 39 करोड़ रुपये में खरीदा था. करीब 6,000 वर्ग फीट में फैले इस घर में कई फ्लोर और दो बेसमेंट हैं. घर के बेसमेंट में उनकी कारों के लिए बड़ी पार्किंग है, जिसमें करीब 50 गाड़ियां खड़ी की जा सकती हैं. घर में हर लग्जरी सुविधा मौजूद है. मौजूदा समय में इस बंगले की कीमत 100 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा है.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
