Last Updated:
Umesh Yadav Ranji Trophy 5 wickets: उमेश यादव ने लगभग दो साल बाद फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में वापसी करते हुए पंजाब के लिए पांच विकेट लिए. सोमवार को न्यू चंडीगढ़ के PCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन उन्होंने असम को 373 रन पर रोकने में मदद की.
उमेश यादव ने अपनी नई रणजी टीम पंजाब के लिए पांच विकेट झटके.
न्यू चंडीगढ़: 36 साल के मोहम्मद शमी के बाद अब 39 साल के उमेश यादव ने भी साबित कर दिया कि उम्र महज एक पैमाना है और टीम इंडिया में अब भी उनकी जगह बनती है. उमेश यादव ने पहली बार पंजाब के लिए खेलते हुए रणजी ट्रॉफी में असम के खिलाफ 24 ओवर में 70 रन देते हुए पांच विकेट झटके. दूसरी ओर मोहम्मद शमी ने बंगाल के लिए दिल्ली के खिलाफ 30 रन देकर चार विकेट झटके.
न्यूज18 से कहा था वापसी करना चाहता हूं
चंद रोज पहले ही न्यूज18 से एक्सक्लूजिव बातचीत में उमेश यादव ने बताया था कि वह टीम इंडिया में वापसी के लिए कितने बेसब्र है. अब मैदान पर उन्होंने अपनी भूख भी दिखा दी. अगले हफ्ते 39 साल के होने वाले उमेश यादव ने भारत के लिए 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9 टी-20 में कुल 288 विकेट लिए हैं. वह 2023 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में टेस्ट मैच में खेलते नजर आए थे. उसके बाद से चयनकर्ताओं ने युवाओं की ओर देखना शुरू कर दिया.
पांच में से तीन खिलाड़ी क्लीन बोल्ड
उमेश यादव ने जो पांच विकेट लिए, उनमें से तीन खिलाड़ियों को उन्होंने क्लीन बोल्ड किया है. रिशव दास (0), राजवीर सिंह (11), अमलनज्योति दास (0), मुख्तार हुसैन (11) और मोहित ठाकुर (1) को निपटाते हुए फाइव विकेट हॉल पूरा किया. इसके बावजूद असम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया. जवाब में पंजाब सिर्फ तीन ही रन बना पाया था, तब तक दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया.
16वीं बार फर्स्ट क्लास में फाइव विकेट हॉल
उमेश दिसंबर 2024 के बाद अपना पहला रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहे थे. उन्होंने दो दिन में 24 ओवर में 70 रन देकर 5 विकेट लिए. रविवार को दो शिकार किए थे जबकि सोमवार को तीन और विकेट लेकर अपने फर्स्ट-क्लास करियर में 16वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया.
आईपीएल 2026 में अनसोल्ड रहे
नागपुर में पैदा हुए उमेश यादव ने अपना पूरा डोमेस्टिक करियर विदर्भ के लिए गुजारा. 2008 में रेड बॉल डेब्यू किया, लेकिन सिलेक्टर्स और विदर्भ क्रिकेट बोर्ड पर नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए इस सीजन में पंजाब की टीम से खेलने का फैसला लिया था. एकिलीज टेंडन की गंभीर चोट के बाद इंग्लैंड में सर्जरी और लगभग एक साल तक रिहैबिलिटेशन से गुजरने के बाद उमेश को IPL 2026 ऑक्शन में किसी ने नहीं खरीदा.
