दिल्लीवालों सावधान! इन सड़कों पर लग सकता है महाजाम, रामलीला मैदान रैली को लेकर देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्लीवालों के लिए रविवार, 1 नवंबर को घर से निकलना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है. दरअसल रामलीला मैदान में कल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली होने वाली है. इसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लगने की आशंका है. ऐसे में अगर आप आईटीओ, दिल्ली गेट, अजमेरी गेट या नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ जाने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जरूर देख लें.

इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. इसके मुताबिक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है. स इस दौरान जरूरत के मुताबिक कई जगहों पर वाहनों का रूट बदला जा सकता है और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जा सकता है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित इलाकों में जाने से बचें और जहां तक संभव हो, मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें.

ITO से अजमेरी गेट तक इन रास्तों पर बढ़ सकती है परेशानी

ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, रैली के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट और बाराखंबा रोड स्थित रणजीत सिंह फ्लाईओवर पर ट्रैफिक रूट बदला जा सकता है. इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों के मुताबिक आगे बढ़ना होगा.

इसके अलावा बीएसजेड मार्ग (आईटीओ से दिल्ली गेट), जवाहरलाल नेहरू मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक होते हुए अजमेरी गेट तक), अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड और कमला मार्केट राउंडअबाउट पर भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है.

हमदर्द चौक, तुर्कमान गेट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट जाने वाले रास्ते, डीबीजी रोड (झंडेवालान राउंडअबाउट से अजमेरी गेट चौक), बाराखंबा रोड से मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, केजी मार्ग, फिरोजशाह रोड और चेल्म्सफोर्ड रोड पर भी वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए. मिंटो रोड से भवभूति मार्ग और आसपास के इलाकों में भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है.

इन चार रूट पर भी ट्रैफिक का असर

ट्रैफिक पुलिस ने चार अहम रास्तों को भी चिह्नित किया है, जहां रैली के दौरान आवाजाही प्रभावित हो सकती है. इनमें गुरु नानक चौक से कमला मार्केट गोलचक्कर, कमला मार्केट राउंडअबाउट से हमदर्द चौक, हमदर्द चौक से तुर्कमान गेट और तुर्कमान गेट से गुरु नानक चौक तक का रास्ता शामिल है.

यानी मध्य दिल्ली के इन इलाकों से रोजाना गुजरने वाले लोगों को रविवार को अपने सफर की योजना पहले से बनानी होगी. खासकर दफ्तर, बाजार, रेलवे स्टेशन या किसी जरूरी काम से निकलने वाले लोग आखिरी समय पर घर से निकलने की गलती न करें.

DTC बसों के रूट पर भी पड़ेगा असर

इस रैली का असर सिर्फ निजी वाहनों तक सीमित नहीं रहने वाला. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों का संचालन भी कुछ प्रमुख मार्गों पर नियंत्रित किया जाएगा. ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, बीएसजेड मार्ग, राजघाट से जवाहरलाल नेहरू मार्ग, डीबीजी रोड और मिंटो रोड पर बसों की आवाजाही ट्रैफिक की स्थिति के हिसाब से नियंत्रित की जा सकती है. ऐसे में इन रास्तों पर बस से सफर करने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना है तो कौन-सा रास्ता चुनें?

रविवार को अगर आपको ट्रेन पकड़नी है तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है. रास्ते में डायवर्जन या ट्रैफिक जाम के कारण स्टेशन पहुंचने में देरी हो सकती है.

डीबीजी रोड की ओर से आने वाले यात्री: चेल्म्सफोर्ड रोड, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं.

पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री: आईटीओ, डीडीयू मार्ग और भवभूति मार्ग होते हुए अजमेरी गेट की तरफ पहुंच सकते हैं.

अगर डीडीयू मार्ग पर भी जाम हो तो आईटीओ रेड लाइट, डब्ल्यू प्वाइंट, सिकंदरा रोड, कनॉट प्लेस, पहाड़गंज और चेल्म्सफोर्ड रोड के रास्ते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा जा सकता है.

ट्रैफिक पुलिस की इन बातों का रखें ध्यान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रैली के दौरान प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचें. सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करें और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्ते तय कर लें और सफर के लिए सामान्य से ज्यादा समय रखें.

पुलिस ने यह भी कहा है कि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता खाली रखा जाए. ऐसे में रविवार को मध्य दिल्ली की तरफ जाने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखना और संभव हो तो मेट्रो से सफर करना ही बेहतर विकल्प होगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *