Last Updated:
Delhi Weather Update: दिल्ली में अप्रैल महीने की शुरुआत भले ही राहत भरी रही हो, लेकिन अब सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं. मंगलवार को राजधानी के सफदरजंग इलाके में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य तापमान से करीब 2.1 डिग्री ज्यादा है. दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में गर्मी का असर अब साफ दिखने लगा है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यह तपिश और ज्यादा बढ़ेगी. दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. (All Photos : PTI)
दिल्ली के अलग-अलग वेदर स्टेशनों के डेटा ने चिंता बढ़ा दी है. रिज एरिया में तो पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है. लोधी रोड और पालम जैसे इलाकों में भी तापमान 38 डिग्री के आसपास बना हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक रातें थोड़ी ठंडी थीं. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, लेकिन अब इसमें भी बदलाव आने वाला है. अनुमान है कि बुधवार से रात का पारा 20 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा.
दिल्ली के मौसम में यह बदलाव तेजी से हो रहा है. ठंडी हवाओं का असर खत्म होने के बाद अब सीधे धूप और गर्म हवाएं राजधानी को घेर रही हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है. आसमान साफ रहने की वजह से सूरज की किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं. इससे जमीन जल्दी गर्म हो रही है और उमस का अहसास भी होने लगा है.
बढ़ती गर्मी को देखते हुए नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने सोशल मीडिया पर विशेष गाइडलाइन जारी की है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप सबसे तेज होती है. इस समय भारी काम या आउटडोर गतिविधियों से बचना चाहिए. अगर आप किसी इवेंट का हिस्सा बन रहे हैं, तो वहां छाया और पानी की भरपूर व्यवस्था होनी चाहिए. शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि डिहाइड्रेशन से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों के आयोजकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं. हर 500 लोगों पर कम से कम एक साफ पानी का स्टॉल होना अनिवार्य है. खुले मैदान में धूप से बचने के लिए शेड्स या टेंट की व्यवस्था जरूरी है.
लू के लक्षणों जैसे तेज बुखार, चक्कर आना या बेहोशी को नजरअंदाज न करें. ऐसे मामलों में तुरंत मेडिकल टीम या एंबुलेंस की मदद लेनी चाहिए. स्थानीय भाषा में लोगों को जागरूक करना भी आयोजकों की जिम्मेदारी है.
गर्मी के बीच दिल्ली की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है. एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI फिलहाल 167 के करीब दर्ज किया गया है. हालांकि यह बहुत खराब नहीं है, लेकिन संजीदा लोगों के लिए यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. जैसे-जैसे धूल भरी हवाएं चलेंगी, प्रदूषण के स्तर में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
