नई दिल्ली. मेट्रो के सफर में आपकी गर्दन पर टिकी हैं ‘कातिल’ निगाहें और पलक झपकते ही गायब हो रहे हैं आपके जीवन भर की कमाई के जेवर. दिल्ली मेट्रो की भीड़ में जो चेहरे आपको साधारण महिलाएं लग रही होती हैं, असल में उनमें से कुछ शातिर लेडी गैंग की सदस्य पाई गई। कश्मीरी गेट से लेकर नई दिल्ली स्टेशन तक ये गैंग आतंक का पर्याय बनी हुई थीं. गहनों की चमक पर नजर, हाथों की गजब की सफाई और मिनटों में वारदात को अंजाम देकर हवा हो जाने वाली ये पांच हसीनाएं अब सलाखों के पीछे हैं. दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने जब इनका कच्चा चिट्ठा खोला तो हर कोई दंग रह गया.
दिल्ली मेट्रो के अंदर मिनटों में जेब तराश देने वाली महिला गैंग का स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो की पुलिस टीमों ने पर्दाफाश किया है. डीसीपी बी.भारत रेड्डी के मुताबिक, यह गैंग मेट्रो स्टेशन जैसी भीड़-भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों पर अनजान यात्रियों को टारगेट करता था और एक-साथ मिलकर कोऑर्डिनेशन के साथ वारदातों को अंजाम देता था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
· लक्ष्मी (40 वर्ष), फरीदपुरी कैंप, आनंद पर्वत, दिल्ली
· सरधा (30 वर्ष), फरीदपुरी कैंप, आनंद पर्वत, दिल्ली
· सोनिया (28 वर्ष), फरीदपुरी कैंप, आनंद पर्वत, दिल्ली
· नैना (26 वर्ष), फरीदपुरी कैंप, आनंद पर्वत, दिल्ली
· प्रियंका (20 वर्ष), फरीदपुरी कैंप, आनंद पर्वत, दिल्ली
पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और एक ऑर्गनाइज़्ड गैंग के सदस्य हैं. पुलिस कस्टडी रिमांड मांगकर आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके और चोरी का सामान खरीदने वालों की पहचान की जा सके.
सवाल-जवाब
महिला चोरों के इस गैंग को किस मामले में गिरफ्तार किया गया है?
4 अप्रैल को नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के एएफसी एंट्री गेट के पास एक शिकायतकर्ता महिला से सोने के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस स्टेशन कश्मीरी गेट मेट्रो में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी. इस मामले की जांच के बाद स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो की टीमों ने महिलाओं के इस गैंग को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के पास से क्या-क्या बरामद किया गया है?
आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से चोरी की सोने की ज्वेलरी सफलतापूर्वक बरामद कर ली गई है. बरामद किए गए सामान में दो सोने की चूड़ियां, झुमके, एक सोने की चेन, छोटे स्टड वाले झुमके और एक मंगलसूत्र शामिल हैं.
