Last Updated:
IRS Daughter Murder Case Accused Rahul Meena: दिल्ली के कैलाश हिल्स में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और दुष्कर्म मामले में आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने पहले लैंप से हमला कर युवती को बेहोश किया, फिर वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद वह उसे नीचे घसीटकर बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की कोशिश करता रहा. जब लॉकर नहीं खुला तो उसने उसे तोड़कर नकदी और जेवरात लूट लिए. आरोपी को ऑनलाइन जुए की लत थी और वह कर्ज में डूबा था. पुलिस ने तकनीकी जांच और CCTV के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है. साथ ही एक और बात सामने आई है कि उसने एक गलती कि वह थी ट्रेन छोड़ना. अगर वह ट्रेन पकड़ लेता तो फरार हो जाता.
दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी के मर्डर केस में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए. (फोटो X)
Rahul Meena News, IRS Daugher Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर दिया. एक 22 साल की युवती घर पर अकेली थी इसी दौरान उसके ही पुराने नौकर ने उसपर हमला कर दिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले स्टडी रूम में रखे लैंप से उस पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं और वारदात को अंजाम दिया. मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. आरोपी ने घायल युवती को घसीटकर नीचे लाया और बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की कोशिश की. यह घटना सिर्फ एक क्राइम नहीं है. यह समाज में छिपी क्रूर मानसिकता का आईना है जो इन दिनों लगातार बढ़ता जा रह है. सवाल यह भी है कि भरोसे के रिश्ते कब खतरे में बदल जाते हैं. यह केस डर, गुस्सा और कई कई सवाल छोड़ गया है. जांच में जो परतें खुल रही हैं वे और भी ज्यादा खौफनाक हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि आरोपी का मकसद सिर्फ चोरी नहीं था, बल्कि हमला पहले से सोचा-समझा लग रहा है. उसने घर की डेली लाइफ और सिक्योरिटी की जानकारी का पूरा फायदा उठाया. घटना के बाद उसने कपड़े बदले, सामान समेटा और फरार हो गया. लेकिन तकनीकी और फॉरेंसिक जांच ने उसके बच निकलने के रास्ते बंद कर दिए. यह मामला कानून व्यवस्था के साथ-साथ घरेलू सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
- IRS Daughter Murder Case Live: अमर कॉलोनी हत्याकांड के आरोपी राहुल मीना वारदात के बाद जब राजस्थान जाने वाली ट्रेन नहीं पकड़ पाया, तो उसने प्लान बदलकर द्वारका सेक्टर-9 स्थित होटल ‘कैसल मेरिडियन’ में शरण ली. सुबह करीब 9 बजे उसने होटल में चेक-इन किया और सीधे कमरे नंबर 201 में चला गया, जहां वह पूरे समय अंदर ही छिपा रहा और बाहर नहीं निकला. इसी दौरान उसने होटल से ही अपने लिए खाना भी मंगवाया ताकि शक न हो. लेकिन दिल्ली पुलिस उसकी डिजिटल और लोकल इनपुट्स के आधार पर लोकेशन तक पहुंच गई और उसी दिन शाम को इसी होटल से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
- Rahul Meena, IRS Daughter Murder Case Live: IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी राहुल मीणा के घर पर राजस्थान पुलिस की फॉरेंसिक टीम पहुंची है. जहां सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं और पूरे मामले से जुड़े सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है.
- IRS Daughter Murder Case Live: मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जहां पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी राहुल मीणा ने वारदात से पहले कैलाश हिल्स इलाके में वीडियो बनाकर उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपलोड किया था. जांच एजेंसियां अब इन वीडियोज की गहराई से पड़ताल कर रही हैं, ताकि उसकी मानसिक स्थिति और गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझा जा सके. पुलिस का मानना है कि यह कदम आरोपी के आत्मविश्वास और लापरवाही को दर्शाता है, जिसने उसके खिलाफ सबूतों को और मजबूत कर दिया. इसी डिजिटल ट्रेल और ऑनलाइन एक्टिविटी के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिससे आरोपी तक पहुंचना आसान हो गया.
- IRS Daughter Murder Case Live: दिल्ली के अमर कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरोपी की निशानदेही पर एक लाख से ज्यादा कैश और हत्या के बाद लूटी गई ज्वेलरी बरामद कर ली गई है. यह बरामदगी द्वारका के उसी होटल से हुई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी के साथ होटल में पूरे घटनाक्रम का नाट्यरूपांतरण भी किया, ताकि सीक्वेंस स्पष्ट हो सके. पूछताछ में आरोपी अब तक दो रेप की वारदात कबूल कर चुका है. इसके अलावा पुलिस ने उन लोगों की भी पहचान कर ली है, जिनसे आरोपी ने कर्ज लिया हुआ था, इससे उसकी आपराधिक मंशा और आर्थिक दबाव की कड़ी भी सामने आई है.
- IRS Daughter Murder Case Live: राजस्थान और दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार जांच में आरोपी का व्यवहार बेहद चिंताजनक पाया गया है और वह हिंसक प्रवृत्ति का नजर आ रहा है. शुरुआती पड़ताल में उसके गांव में भी उसकी छवि अच्छी नहीं बताई गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक वह और उसका पिता दोनों ही आसपास के लोगों के बीच बदनाम रहे हैं, पिता को शराब की लत थी और आरोपी खुद भी गलत संगत में रहने वाला माना जाता था. इसके अलावा उसे तीन पत्ती समेत कई ऑनलाइन गेम्स की लत थी, जिसने उसकी आर्थिक और मानसिक स्थिति पर असर डाला. पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक और सामाजिक इतिहास को खंगाल रही है, ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके और अदालत में पुख्ता चार्जशीट पेश की जा सके.
- Rahul Meena, IRS Daughter Murder Case Live: इस पूरे मामले में आरोपी की सबसे बड़ी गलती ट्रेन छूटना और उसके बाद द्वारका के होटल में रुकने का फैसला था. अगर वह समय पर ट्रेन पकड़ लेता, तो शायद दिल्ली से बाहर निकल जाता और पुलिस के लिए उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो जाता. लेकिन ट्रेन छूटने के बाद उसने जल्दबाजी में होटल लिया और वहां अपनी पहचान के लिए आईडी दी. यही कदम उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गया. होटल के रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और WiFi इस्तेमाल की डिजिटल ट्रेल ने पुलिस को सीधा उसकी लोकेशन तक पहुंचा दिया. यानी जो जगह उसने छिपने के लिए चुनी, वही उसकी गिरफ्तारी का सबसे मजबूत कारण बन गई.- पढ़ें पूरी खबर…
पुलिस की जांच में क्या मिला
- घटना सुबह करीब 6:40 बजे की है जब आरोपी घर में दाखिल हुआ. युवती उस समय पढ़ाई कर रही थी. आरोपी ने बहाना बनाया कि उसे बकाया सैलरी लेने के लिए भेजा गया है. लेकिन कुछ ही मिनटों में स्थिति हिंसक हो गई. पुलिस के अनुसार उसने पहले हमला किया और फिर वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद उसने लॉकर खोलने के लिए घायल युवती को नीचे घसीटा, लेकिन बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं कर पाया. आखिरकार उसने औजार से लॉकर तोड़कर नकदी और जेवरात लूट लिए.
- जांच में सामने आया कि आरोपी को ऑनलाइन जुए की लत थी और उस पर करीब 7 लाख रुपये का कर्ज था. पुलिस को शक है कि यही आर्थिक दबाव इस अपराध की बड़ी वजह बना. आरोपी पहले भी घर में काम कर चुका था और उसे घर की हर जानकारी थी. नौकरी से निकाले जाने के बाद वह इसे अपमान मान बैठा और बदला लेने की नीयत से वापस लौटा.
आरोपी तक पुलिस कैसे पहुंची?
पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए मल्टी-लेयर जांच रणनीति अपनाई. सबसे पहले इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी के आने-जाने का समय और हुलिया सामने आया. इसके बाद डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया गया, जिसमें मोबाइल लोकेशन, इंटरनेट यूसेज और संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया गया. पुलिस ने आसपास के लोगों और पुराने संपर्कों से भी पूछताछ की, जिससे आरोपी की पहचान पुख्ता हुई. खास बात यह रही कि आरोपी ने घटना के बाद अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की लेकिन तकनीकी सबूतों ने उसे बेनकाब कर दिया. अलग-अलग टीमों को दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगाया गया. इनपुट्स को जोड़कर उसकी लोकेशन द्वारका के एक होटल में ट्रेस की गई, जहां से उसे 12 घंटे के भीतर दबोच लिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले की क्रूरता को और स्पष्ट कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता के सिर पर किसी भारी वस्तु से कई बार वार किया गया था, जिससे गंभीर चोटें आईं. शरीर पर खरोंच और संघर्ष के निशान भी मिले, जो यह दर्शाते हैं कि उसने खुद को बचाने की कोशिश की थी. नाक की हड्डी टूटना और चेहरे पर चोटें इस बात का संकेत हैं कि हमला बेहद हिंसक था. सबसे अहम बात यह सामने आई कि मौत गला दबाने से हुई, जिसे मेडिकल भाषा में एंटेमॉर्टम स्ट्रैंगुलेशन कहा जाता है. गले पर दबाव के स्पष्ट निशान मिले, इससे यह साबित होता है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई. रिपोर्ट ने यह भी इशारा किया कि हमला एक ही बार में नहीं, बल्कि कई चरणों में हुआ, जो आरोपी की मानसिकता को दर्शाता है.
क्या यह सिर्फ लूट का मामला था?
पुलिस का मानना है कि यह मामला सिर्फ चोरी या लूट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई स्तर की मंशा काम कर रही थी. आरोपी ने शुरुआत में इसे लूट का मामला बताने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल और सबूत कुछ और ही कहानी बता रहे हैं. पुलिस को शक है कि आरोपी पहले से ही घर में घुसने और वारदात को अंजाम देने की योजना बनाकर आया था. उसने घर की दिनचर्या, सुरक्षा व्यवस्था और पीड़िता के अकेले होने का फायदा उठाया. यौन हिंसा के संकेत और घटना के तरीके से यह साफ होता है कि अपराध में सिर्फ आर्थिक मकसद नहीं था. साथ ही, नौकरी से निकाले जाने के बाद उसके मन में बदले की भावना भी हो सकती है. इस तरह यह केस एक सुनियोजित, बहु-स्तरीय अपराध के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें लूट, हिंसा और व्यक्तिगत प्रतिशोध तीनों तत्व शामिल हैं.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
