एडमिशन से पहले जाने मिरांडा हाउस की खासियत, ओपन हाउस के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जाने प्रक्रिया

Last Updated:

इस ओपन हाउस का मकसद छात्राओं और उनके परिवार को कॉलेज के माहौल, पढ़ाई, छात्र जीवन और यहां मिलने वाले अवसरों के बारे में जानकारी देना है. इस दौरान छात्राएं कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकों, मौजूदा छात्राओं और पूर्व छात्राओं एलुमनाई से सीधे बातचीत कर सकेंगी. साथ ही, उन्हें अलग-अलग कोर्स और कॉलेज की गतिविधियों की भी जानकारी दी जाएगी.

मिरांडा हाउस में फ्री कैंपस टूर

नई दिल्ली: अगर आप 12वीं के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के किसी प्रतिष्ठित कॉलेज में दाखिला लेने का सपना देख रही हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज ने CUET परीक्षा देने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए ओपन हाउस सेशन और कैंपस टूर की शुरुआत की है. यह कार्यक्रम 17 से 19 जून और 22 जून 2026 को कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा.

कॉलेज को करीब से समझने का मिलेगा अवसर
इस ओपन हाउस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और उनके परिवारों को कॉलेज के शैक्षणिक माहौल, छात्र जीवन, उपलब्ध सुविधाओं और करियर से जुड़े अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी देना है. कार्यक्रम के दौरान छात्राएं कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकों, वर्तमान छात्राओं और पूर्व छात्राओं (एलुमनाई) से सीधे बातचीत कर सकेंगी. इसके अलावा उन्हें विभिन्न पाठ्यक्रमों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और कॉलेज की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी.

लाइब्रेरी से लेकर खेल सुविधाओं तक का भ्रमण
ओपन हाउस में शामिल होने वाली छात्राओं को कॉलेज परिसर का विस्तृत दौरा भी कराया जाएगा. इस दौरान वे लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशालाओं, विभिन्न विभागों, खेल सुविधाओं और कॉलेज की अन्य प्रमुख इकाइयों को करीब से देख सकेंगी. इसके साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया जाएगा, जहां छात्राएं अपने प्रवेश, पाठ्यक्रम, छात्र जीवन और अन्य विषयों से जुड़े सवाल पूछ सकेंगी.

महत्वपूर्ण निर्णयों में मार्गदर्शन
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) बिजयलक्ष्मी नंदा ने कहा कि यह ओपन हाउस छात्राओं और उनके अभिभावकों को मिरांडा हाउस की शैक्षणिक और सांस्कृतिक पहचान को नजदीक से समझने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि कॉलेज नई छात्राओं का स्वागत करने और उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में मार्गदर्शन देने के लिए उत्साहित है.

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा. इच्छुक छात्राएं और अभिभावक कॉलेज के आधिकारिक पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह पहल उन छात्राओं के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित हो सकती है, जो CUET के माध्यम से दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही हैं और कॉलेज का माहौल समझकर बेहतर निर्णय लेना चाहती हैं.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *