नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बनेगा नया फ्लाईओवर, 20 गांवों की बल्ले-बल्ले, देखें क्या-क्या मिलेगा फायदा

Last Updated:

Noida-Greater Noida Expressway Flyover: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 और 150 के बीच करीब 85 करोड़ रुपये से फ्लाईओवर बनेगा. इससे 20 गांवों समेत आसपास के सेक्टरों के करीब 2 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और आवागमन आसान होगा.

नोएडा एक्सप्रेसवे पर बनेगा नया फ्लाईओवर

नोएडा: यूपी में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 और सेक्टर-150 के बीच करीब 85 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर बनाया जाएगा. नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना को मंजूरी देते हुए निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है. फ्लाईओवर बनने के बाद एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसे सेक्टरों के बीच सीधे आने-जाने की सुविधा मिलेगी. इससे करीब 2 लाख लोगों के साथ आसपास के करीब 20 गांवों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

सेक्टरों के बीच सीधी कनेक्टिविटी होगी
प्रस्तावित फ्लाईओवर का सबसे बड़ा फायदा सेक्टर-148, 149, 150, 151, 152 और 153 के लोगों को मिलेगा. अभी इन सेक्टरों के बीच आने-जाने के लिए लोगों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के मौजूदा कट और इंटरचेंज का सहारा लेना पड़ता है. इससे कई बार वाहन चालकों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और सफर में ज्यादा समय भी लगता है.

फ्लाईओवर बनने के बाद इन सेक्टरों के बीच क्रॉस-एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी बेहतर होगी. लोगों को एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को खास राहत मिलने की उम्मीद है.

ट्रैफिक दबाव कम करने में मिलेगी मदद
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, इन सेक्टरों और आसपास के इलाकों में आने वाले समय में आबादी और गतिविधियां बढ़ने के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर की योजना तैयार की गई है. अथॉरिटी का मानना है कि नई कनेक्टिविटी मिलने से मौजूदा कट और इंटरचेंज पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही लोगों के सफर का समय घटेगा और एक्सप्रेसवे के आसपास के सेक्टरों में आवाजाही ज्यादा आसान हो सकेगी.

2 लाख लोगों को सीधा फायदा
इस परियोजना से संबंधित सेक्टरों में रहने वाले करीब 2 लाख लोगों को सीधे लाभ मिलने का अनुमान है. इसके अलावा आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा. प्राधिकरण की योजना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर इस कनेक्टिविटी को विकसित करने की है. फ्लाईओवर बनने के बाद सेक्टर-148 से 153 के बीच रहने और काम करने वाले लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिल सकेगी.

करीब 85 करोड़ रुपये की इस परियोजना को नोएडा के बढ़ते शहरी क्षेत्र और भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. निर्माण पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसे सेक्टरों के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा और लोगों को रोजाना के आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *