Last Updated:
टी20 विश्व कप 2007 में भारत और इंग्लैंड का वो ऐतिहासिक मुकाबला, जिसमें युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ लगातार 6 गेंद पर 6 छक्के जड़े तो पूरा इंडिया झूम गया था. हर तरफ सिर्फ युवराज की चर्चा थी. क्योंकि युवराज टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बने थे, जिन्होंने एक ही ओवर के सभी 6 गेंद पर 6 उड़ाए थे, लेकिन उनसे पहले भी एक ऐसे भारतीय क्रिकेटर हुए थे जिन्होंने ये कमाल किया था. हालांकि, ये फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हुआ था.
रवि शास्त्री और युवराज सिंह
नई दिल्ली: साल 2007 का टी20 विश्व कप और भारत के साथ इंग्लैंड का वह नॉकआउट मुकाबला. साउथ अफ्रीका में टूर्नामेंट खेला जा रहा था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में इक्का-दुक्का खिलाड़ियों को छोड़कर भारतीय टीम में लगभग सभी युवा थे. किसी को चैंपियन बनने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मैच में जब युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के उड़ाए, तो लगा कि अब विश्व कप हमारा है और वह हुआ भी. मॉडर्न डे क्रिकेट को चाहने वालों ने पहली बार लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के देखे थे, लेकिन यह पहली बार नहीं था जब किसी भारतीय ने ऐसा किया हो. हालांकि, इसके बारे में बहुत कम लोगों को पता था.
युवराज सिंह से पहले भारत के बेहद चर्चित और दिग्गज खिलाड़ी रवि शास्त्री ने भी यह कारनामा कर दिखाया था, लेकिन दिक्कत यह थी कि जिस समय शास्त्री ने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए थे, उस दौर में न तो क्रिकेट की वैसी ब्रॉडकास्टिंग होती थी और न ही लोगों तक इस तरह की खबरें तेजी से पहुंच पाती थीं. इसके बावजूद क्रिकेट रिकॉर्ड्स में रवि शास्त्री, युवराज सिंह से पहले लगातार 6 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि वह गेंदबाज कौन था, जिसके खिलाफ रवि शास्त्री ने यह कारनामा किया था.
किसके खिलाफ रवि शास्त्री ने बनाया था रिकॉर्ड?
क्रिकेट के खेल में अगर किसी गेंदबाज के एक ओवर की सभी गेंदों पर छक्के लग जाएं, तो उसकी काबिलियत खत्म नहीं हो जाती है और न ही इससे किसी बल्लेबाज की महानता तय होती है, क्योंकि वही गेंदबाज लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट लेकर हैट्रिक का रिकॉर्ड भी बना सकता है, लेकिन रिकॉर्ड तो रिकॉर्ड होता है. यही वजह है कि रवि शास्त्री के नाम भारतीय क्रिकेट में लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का पहला रिकॉर्ड दर्ज है.
बता दें कि रवि शास्त्री ने यह रिकॉर्ड साल 1985 में मुंबई के लिए खेलते हुए बड़ौदा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में बनाया था. मैच की चौथी पारी में शास्त्री ने बाएं हाथ के स्पिनर तिलक राज के खिलाफ एक ओवर में लगातार 6 छक्के उड़ाने का यह कारनामा किया था. इसके 22 साल बाद युवराज सिंह, रवि शास्त्री के बाद क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने थे.
कौन हैं तिलक राज?
तिलक राज पूर्व भारतीय घरेलू क्रिकेटर हैं. वह एक लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज थे, हालांकि उनका मजबूत पक्ष गेंदबाजी से ज्यादा बल्लेबाजी था. वह बड़ौदा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे और उन्हें कभी नेशनल टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला. अगर घरेलू करियर की बात करें, तो तिलक राज ने 26 फर्स्ट क्लास और 3 लिस्ट ए मैच खेले. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिलक ने 936 रन बनाने के साथ 5 विकेट भी लिए थे. इसके अलावा लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 27 रन और 2 विकेट दर्ज हैं.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें
