नोएडा में हवा में तैरती दिखेगी 66 फीट ऊंची 6 लेन की सड़क, चिल्ला से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक जाना आसान

Last Updated:

Noida Tallest Elevated Road: नोएडा और दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है. अब दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट जाना काफी आसान होगा. भीड़ और ट्रैफिक से बचाने के लिए नोएडा में सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड बनाने का रास्ता साफ हो गया है. आईआईटी रुड़की ने इसका खाका तैयार किया है. इसकी लागत 350 करोड़ रुपये है. इसकी डीपीआर नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी गई है. यह 2 किलोमीटर लंबी और 20 मीटर ऊंची छह लेन वाली एलिवेटेड सड़क मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी.

नोएडा में बनेगा सबसे ऊंचा एलिवेटेड रोड. (एआई इमेज)

Noida Elevated Road: नोएडा को जल्द ही सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड की शानदार सौगात मिलने जा रही है. ये दिल्ली से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक के सफर को बेहद तेज और आरामदायक बना देगी. लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की ने तैयार कर नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है. इस पर जल्द मुहर लगने की उम्मीद है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोएडा की यह एडवांस एलिवेटेड रोड करीब 2 किलोमीटर लंबी होगी. ये जमीन से करीब 20 मीटर (लगभग 65 फीट) ऊंची रहेगी. इसे नोएडा शहर की अब तक की सबसे ऊंची एलिवेटेड सड़क माना जा रहा है. इस छह लेन (6-Lane) वाली आधुनिक सड़क के निर्माण पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है. आईआईटी रुड़की द्वारा तैयार इस एलीवेटेड रोड की डीपीआर अभी नोएडा प्राधिकरण के पास है. इसे धरातल पर उतारने के लिए स्टडी की जा रही है. हालांकि, ये तो तय है कि इसमें किसी भी बड़े फेरबदल की संभावना बेहद कम है.

मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी
बताया जा रहा है कि ये चिल्ला एलिवेटेड रोड के एक महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में विकसित किया जाएगा. यह खास एलिवेटेड सड़क नोएडा की व्यस्त मैजेंटा मेट्रो लाइन के ठीक ऊपर से गुजरेगी. आगे चलकर सेक्टर-94 के पास यमुना तटबंध पर आकर उतरेगी. इसे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे से सीधे तौर पर जोड़ने की योजना है. इस डीपीआर में यातायात को पूरी तरह सुचारू रखने के लिए चार विशेष रैंप और कनेक्टर्स बनाने का भी प्रस्ताव शामिल किया गया है, ताकि वाहन बिना किसी रुकावट के आ-जा सकें.

जेवर एयरपोर्ट जाना होगा आसान
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह ने इस मेगा प्रोजेक्ट के फायदों पर चर्चा करते हुए बताया कि इस एलिवेटेड रोड का सबसे बड़ा और सीधा लाभ जेवर एयरपोर्ट आने-जाने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों को मिलेगा. एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले वाहन शहर के बीच के भारी ट्रैफिक और प्रमुख चौराहों के रेड लाइट्स व सिग्नलों पर फंसे बिना इस एलिवेटेड रोड के जरिए सीधे दिल्ली की ओर निकल सकेंगे.

About the Author

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *