Deer Park in Noida : नए साल पर नोएडा में कुलांचे मारेंगे हिरण, 40 करोड़ की लागत से बन रहा पार्क

Last Updated:

Good News : नोएडा में नए साल पर आपको हिरण घूमते दिखाई दे सकते हैं. 40 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे पार्क को सजाने के लिए 3490 पेड़ लगाने की योजना तैयार कर ली है. इन पेड़ों को नर्सरी में 18 से 20 फुट ऊंचा करने के लिए ऑर्डर दे दिया गया है. 

नोएडा डियर पार्क. (सांकेतिक तस्वीर)

नोएडा: नोएडा के लोगों को नए साल से पहले घूमने-फिरने के लिए एक नया ठिकाना मिलने वाला है. सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में बन रहा डियर पार्क दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है. करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पार्क में लोग हिरणों और दूसरी वन्यजीव प्रजातियों को करीब से देख सकेंगे. पार्क में रात 10 बजे तक ‘सनसेट सफारी’ की सुविधा मिलने की बात कही जा रही है.

30 एकड़ में तैयार हो रहा डियर पार्क
नोएडा के सेक्टर-91 में करीब 30 एकड़ जमीन पर डियर पार्क विकसित किया जा रहा है. इसका मकसद लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के करीब लाना है. यहां भारतीय हिरणों के साथ अफ्रीका की कई एंटीलोप प्रजातियां भी लाई जाएंगी. इससे बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा.

वन्यजीवों के लिए लगाए जाएंगे 3490 पेड़
पार्क में रहने वाले वन्यजीवों को धूप से बचाने और उनके लिए बेहतर माहौल तैयार करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 3490 पेड़ लगाने की योजना बनाई है. इन पेड़ों को नर्सरी में ही 18 से 20 फुट तक बड़ा किया जाएगा, ताकि पार्क में लगाने के बाद वे जल्द छाया दे सकें. यहां पिलखन, मौलश्री, पाकड़, अशोक, सेमल और कदम जैसी प्रजातियों के पेड़ लगाए जाएंगे. हर बाड़े में लगभग 18 से 20 पौधे लगाने की योजना है. इससे वन्यजीवों को हरियाली के बीच रहने के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी.

12 बाड़ों में रहेंगे हिरण और दूसरे वन्यजीव
डियर पार्क में वन्यजीवों के लिए कुल 12 छोटे-बड़े बाड़े बनाए जा रहे हैं. नोएडा प्राधिकरण के उद्यान निदेशक आनंद मोहन सिंह के मुताबिक, इनमें से नौ बाड़ों का निर्माण पूरा हो चुका है. बाकी बाड़ों पर काम जारी है. दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

पेड़ों की कटाई को लेकर उठे सवाल
एक तरफ डियर पार्क को हरियाली से सजाने की तैयारी चल रही है, तो दूसरी तरफ यहां पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद भी सामने आया है. आरोप है कि पैदल चलने के लिए रास्ता बनाने के दौरान चार पेड़ कथित तौर पर अवैध रूप से काटे गए. शिकायत मिलने के बाद वन विभाग ने नोटिस जारी किया है. इसके अलावा, पार्क में मौजूद 531 पेड़ों को लेकर अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, इनमें से 200 पेड़ों के लिए एनओसी होने की बात कही गई है.

अब लोगों की नजर इस बात पर है कि डियर पार्क का काम तय समय पर पूरा होता है या नहीं. पार्क तैयार होने से नोएडा के लोगों को घूमने के लिए एक नई जगह मिल सकती है, लेकिन इसके साथ ही पेड़ों की सुरक्षा और वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक माहौल बनाए रखना भी अहम होगा.

About the Author

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *