Last Updated:
Free Swine Flue Test in Ghaziabad: गाजियाबाद में सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसे लक्षणों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. राहत की बात यह है कि संजय नगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में अब स्वाइन फ्लू की जांच निशुल्क उपलब्ध है. जिले में अब तक 37 मामले सामने आ चुके हैं, हालांकि स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीज सामान्य स्थिति में हैं. सरकारी अस्पतालों में अलग बेड और वार्ड भी तैयार किए गए हैं. ऐसे में किन लोगों को स्वाइन फ्लू की जांच करानी चाहिए और किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, जानिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी सलाह.
गाजियाबाद: मौसम बदलने के साथ अगर आपको भी सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं और स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता है तो घबराने की जरूरत नहीं है. गाजियाबाद के स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की सुविधा के लिए संजय नगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में स्वाइन फ्लू की निशुल्क जांच शुरू कर दी है. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हर मरीज को जांच कराने की जरूरत नहीं है. लक्षण होने पर पहले डॉक्टर से सलाह लें और उनकी सलाह के बाद ही जांच कराएं.
स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों में निगरानी और इलाज की तैयारियां भी तेज कर दी हैं. जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 37 मामले सामने आ चुके हैं. राहत की बात यह है कि सभी मरीज सामान्य स्थिति में हैं और इनमें से कोई भी गंभीर हालत में नहीं है. स्वास्थ्य विभाग इन मरीजों के संपर्क में है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है.
जिला एमएमजी अस्पताल में 10 बेड का अलग वार्ड
गाजियाबाद के एडिशनल सीएमओ डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है. संजय नगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच निशुल्क की जा रही है. तो वहीं, जिला एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है. इसके अलावा संजय नगर अस्पताल में भी पांच बेड आरक्षित किए गए हैं. जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों में भी स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं.
हर सर्दी-जुकाम में जांच जरूरी नहीं
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत स्वाइन फ्लू की जांच न कराएं और अफवाहों पर ध्यान न दें. सर्दी-जुकाम, खांसी या बुखार जैसे लक्षण होने पर सबसे पहले डॉक्टर से संपर्क करें. डॉक्टर की सलाह के बाद ही जांच कराने का फैसला करें. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, स्वाइन फ्लू की जांच मुख्य रूप से गंभीर यानी सीवियर मामलों में की जाती है. मॉडरेट श्रेणी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों या किडनी-लीवर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर जांच करानी चाहिए.
आरटी-पीसीआर से होती है जांच
स्वाइन फ्लू की जांच आरटी-पीसीआर विधि से होती है. निजी अस्पतालों और लैब में इस जांच के लिए करीब 4 से 5 हजार रुपये तक खर्च हो सकता है. लेकिन वहीं संजय नगर स्थित सरकारी अस्पताल में यही जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों और लैब को जांच के नाम पर मरीजों से ज्यादा पैसे न वसूलने की चेतावनी भी दी है. विभाग की ओर से इस पर नजर रखी जा रही है.
400 से ज्यादा अस्पतालों पर नजर
जिले में 400 से ज्यादा निजी अस्पतालों और दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों की निगरानी के लिए सर्विलांस यूनिट को सक्रिय किया गया है. किसी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने पर इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाती है. इसके अलावा आईडीएसपी लैब में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. स्वास्थ्य विभाग फिलहाल ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट यानी थ्री-टी के आधार पर काम कर रहा है, ताकि संक्रमित मरीजों की पहचान समय पर हो सके और उनका इलाज किया जा सके.
स्कूलों के लिए भी जारी हुई एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि अगर किसी बच्चे या शिक्षक में बुखार, खांसी या स्वाइन फ्लू से जुड़े दूसरे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे स्कूल नहीं आना चाहिए. ऐसे मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देने की भी सलाह दी गई है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सामान्य मामलों में बुखार कुछ दिनों में उतर जाता है. इसलिए सिर्फ सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन अगर लक्षण गंभीर होते नजर आएं तो देरी न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ें
