फरीदाबाद: त्योहारों का मौसम आते ही हाथों पर मेहंदी लगाने का चलन बढ़ जाता है. मेहंदी से हाथों की खूबसूरती तो बढ़ती ही है, साथ ही त्योहार का रंग भी नजर आता है. लेकिन हाथों में मेहंदी लगी होने पर खाना बनाने या खाने के दौरान थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है. सवाल यह है कि अगर मेहंदी का पेस्ट या उसका रंग खाने के संपर्क में आ जाए तो क्या इससे सेहत को नुकसान पहुंच सकता है. आइए जानते हैं.
बाजार वाली मेहंदी में केमिकल से रहें सावधान
Local18 से बातचीत में रितिका शर्मा बताती है मैं फरीदाबाद सर्वोदय हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन और न्यूट्रिशन कंसल्टेंट हूं. हाथों में मेहंदी लगाकर खाना बनाना हो तो सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि मेहंदी किस तरह की है. घर पर मेहंदी के पत्तों या अच्छे पाउडर से तैयार किया गया पेस्ट अपेक्षाकृत सुरक्षित हो सकता है. वहीं बाजार में मिलने वाली कुछ मेहंदी में केमिकल मिलाए जा सकते हैं. इसलिए खरीदते समय प्रोडक्ट की क्वालिटी और पैकिंग जरूर देखनी चाहिए.
पुरानी मेहंदी खरीदने से पहले यह देखें
रितिका शर्मा बताती है बाजार से मेहंदी खरीदते समय यह जरूर देखना चाहिए कि पैकेट कहां से आया है और उसकी पैकिंग ठीक है या नहीं. प्रोडक्ट कितना पुराना है इसकी जानकारी भी जरूरी है. अगर मेहंदी काफी समय से रखी हुई है तो उसका इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें और खराब या संदिग्ध पैकिंग वाला सामान बिल्कुल न लें.
मेहंदी के बाद हाथ धोना सबसे जरूरी
रितिका शर्मा बताती है मेहंदी लगाने के बाद हाथों पर उसका रंग रह जाता है और कई बार नाखूनों के आसपास भी पेस्ट के कण चिपके रह सकते हैं. ऐसे में सीधे रोटी बनाना या खाना खाने से पहले हाथों की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए. साबुन और साफ पानी से हाथ धोएं. नाखूनों के आसपास जमा मेहंदी को भी अच्छी तरह निकालें. खाना बनाने या बच्चों को खिलाने से पहले हाथों को दो से तीन बार अच्छी तरह धोना बेहतर रहता है.
पहले घर में तैयार होती थी प्राकृतिक मेहंदी
रितिका शर्मा बताती है पहले के समय में लोग मेहंदी के पौधे से पत्तियां तोड़कर घर पर ही उन्हें सिलबट्टे पर पीसते थे. इसके बाद उसमें पानी मिलाकर पेस्ट तैयार किया जाता था और हाथों पर लगाया जाता था. उस समय मेहंदी तैयार करने की प्रक्रिया घर पर ही होती थी. अब लोगों की जिंदगी काफी व्यस्त हो गई है इसलिए बाजार में मिलने वाले तैयार पाउडर और कोन का इस्तेमाल ज्यादा बढ़ गया है.
पैकेट खरीदते समय इन चीजों पर नजर
रितिका शर्मा बताती है अगर घर पर मेहंदी तैयार करने के लिए बाजार से पाउडर खरीद रहे हैं तो पैकेट की जानकारी जरूर पढ़ें. इसके साथ ही पैकिंग की स्थिति, निर्माण की तारीख और एक्सपायरी डेट पर ध्यान दें. मेहंदी का पैकेट खुला हुआ हो या उसकी जानकारी साफ तौर पर नहीं दी गई हो तो उसे लेने से बचना चाहिए.
काली मेहंदी देखकर तुरंत इस्तेमाल न करें
रितिका शर्मा बताती है पहले मेहंदी लगाने के बाद हाथों पर ऑरेंज, लाल या ब्राउन रंग दिखाई देता था. अब बाजार में ऐसी मेहंदी भी मिलती है जो लगाने के बाद काफी गहरा या काला रंग देती है. कुछ प्रकार की ब्लैक मेहंदी में तेज केमिकल मौजूद हो सकते हैं. ऐसे प्रोडक्ट त्वचा के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं. इसलिए केवल जल्दी और गहरा रंग देखकर किसी मेहंदी को अच्छा नहीं मानना चाहिए.
जलन लालिमा दिखे तो मेहंदी तुरंत हटाएं
रितिका शर्मा बताती है अगर मेहंदी लगाने के बाद हाथों में जलन, खुजली, लालिमा या किसी तरह की परेशानी महसूस हो तो इसे सामान्य नहीं समझना चाहिए. यह किसी सामग्री से एलर्जी या त्वचा पर रिएक्शन का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में मेहंदी को तुरंत साफ कर देना बेहतर है. दोबारा इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना भी जरूरी हो सकता है.
पहली बार लगाने से पहले पैच टेस्ट करें
रितिका शर्मा बताती है नई मेहंदी हाथों पर लगाने से पहले थोड़ी सी मात्रा त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर देख सकते हैं. कुछ समय तक वहां किसी तरह की जलन, खुजली या लाल निशान तो नहीं हो रहा है यह ध्यान दें. अगर परेशानी महसूस होती है तो उस प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. त्योहार के समय खूबसूरती के साथ अपनी त्वचा और खाने की स्वच्छता का भी ध्यान रखना जरूरी है.
