Last Updated:
Cheapest 350 CC Bikes in India: भारत में 350cc बाइक खरीदने के लिए आपको 2 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है. मार्केट में एक ऐसी 350cc बाइक भी मौजूद है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹1.50 लाख से भी कम है. हल्के वजन, कम सीट हाइट और दमदार इंजन के साथ ये बाइक शहर से लेकर हाईवे तक के लिए आकर्षक विकल्प बनती है. वहीं Bullet, Classic और Honda CB350 जैसे मॉडल भी अपनी अलग खूबियों के साथ मौजूद हैं.
Royal Enfield Hunter 350: ये इस समय भारत में 350 सीसी सेगमेंट की सबसे किफायती और हल्की मोटरसाइकिल है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत मात्र ₹1,37,640 है. इसका डिजाइन बेहद मॉडर्न, कॉम्पैक्ट और नियो-रेट्रो रोडस्टर लुक में तैयार किया गया है. 181 किलोग्राम का हल्का वजन, 17-इंच के अलॉय व्हील्स और 790 मिमी की कम सीट हाइट इसे भारी ट्रैफिक में चलाने के लिए बेहद आसान और फुर्तीला बनाते हैं.
हंटर 350 में 349 सीसी का J-सीरीज एयर-ऑयल कूल्ड इंजन मिलता है, जो 20.2 बीएचपी की पावर और 27 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. सेफ्टी के लिए इसमें डुअल-चैनल एबीएस और दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक का विकल्प मौजूद है. फीचर्स के तौर पर इसमें सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और वैकल्पिक ट्रिपर नेविगेशन मिलता है. ये बाइक शहर और हाईवे पर औसतन 35 से 38 किमी प्रति लीटर का माइलेज दे देती है.
Royal Enfield Bullet 350: ये इंडियन मार्केट की सबसे पॉपुलर और पुरानी मोटरसाइकिल में से एक है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹1.74 लाख से शुरू होती है. इसका डिजाइन पारंपरिक रेट्रो लुक पर बेस्ड है, जिसमें चौकोर रियर मडगार्ड, टियर-ड्रॉप फ्यूल टैंक, क्रोम फिनिश और हाथ से बनाई गई क्लासिक पिन-स्ट्राइप्स शामिल हैं. इसकी सीधी और आरामदायक राइडिंग पोजिशन लंबी यात्राओं के दौरान राइडर को बेहतरीन आराम और सड़क पर शानदार मौजूदगी प्रदान करती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बुलेट 350 में भी 349 सीसी का रिफाइंड J-सीरीज इंजन दिया गया है, जो 20.2 बीएचपी पावर और 27 एनएम टॉर्क पैदा करता है. नए चेसिस के कारण इसमें वाइब्रेशन काफी कम है. सेफ्टी के लिए इसमें सिंगल और डुअल-चैनल एबीएस के साथ फ्रंट डिस्क ब्रेक मिलते हैं. इसमें सेमी-डिजिटल स्पीडोमीटर, एलसीडी स्क्रीन और हजार्ड लाइट का फीचर दिया गया है. ये बाइक भारी वजन के बावजूद नियंत्रित गति में 35 से 37 किमी प्रति लीटर का माइलेज आसानी से निकाल लेती है.
Royal Enfield Classic 350: ये देश में 350 सीसी सेगमेंट की सबसे ज्यादा बिकने वाली प्रीमियम रेट्रो क्रूजर है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹1.93 लाख से शुरू होकर ₹2.25 लाख तक जाती है. इसका विंटेज डिजाइन, राउंड हैडलैंप, क्लासिक काउल, पायलट लैंप्स और सिग्नेचर एग्जॉस्ट नोट इसे भीड़ में अलग पहचान देते हैं. इसके स्पोक और अलॉय व्हील वेरिएंट्स के साथ कई प्रीमियम पेंट स्कीम्स उपलब्ध हैं, जो इसे देखने में बेहद शानदार और मजबूत लुक देती हैं.
परफॉर्मेंस के मामले में इसमें 349 सीसी का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 20.2 बीएचपी की ताकत और 27 एनएम का पीक टॉर्क देता है. सेफ्टी के लिहाज से टॉप ट्रिम्स में डुअल-चैनल एबीएस और चौड़े टायर्स मिलते हैं. फीचर्स में एलईडी हेडलाइट, सेमी-डिजिटल एनालॉग कंसोल, यूएसबी पोर्ट और एडजस्टेबल लीवर्स दिए गए हैं. हाईवे क्रूजिंग के लिए ये सबसे स्टेबल बाइक है, जो राइडिंग कंडीशन के आधार पर 32 से 36 किमी प्रति लीटर का माइलेज प्रदान करती है.
Honda CB350: ये सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड को कड़ी टक्कर देने वाली एक बेहद मॉडर्न और क्लासिक बाइक है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹2.00 लाख से शुरू होती है. इसका डिजाइन पारंपरिक रेट्रो थीम पर आधारित है, जिसमें बड़े मैटेलिक फेंडर्स, स्प्लिट सीट्स, लंबा क्रोम एग्जॉस्ट और क्लासिक फ्यूल टैंक दिया गया है. होंडा की बेहतरीन फिट, फिनिश और इंजन की स्मूथनेस इसे लंबी दूरी के सफर के लिए बेहद भरोसेमंद बनाती है.
इसमें 348.36 सीसी का एयर-कूल्ड फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन लगा है, जो 20.7 बीएचपी की पावर और 29.4 एनएम का मजबूत लो-एंड टॉर्क देता है. सेफ्टी में ये सबसे आगे है क्योंकि इसमें डुअल-चैनल एबीएस के साथ होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल यानी ट्रैक्शन कंट्रोल मिलता है. फीचर्स में ऑल-एलईडी लाइटिंग, असिस्ट और स्लिपर क्लच और होंडा स्मार्टफोन वॉयस कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं. ये बाइक आसानी से 35 से 40 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज निकाल लेती है.
