Last Updated:
Ghaziabad Khaoda News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित शंकर विहार में एक मकान के कमरे में 28 वर्षीय मां और उसकी 3 साल की मासूम बेटी के शव एक ही फंदे से लटकते मिले. अस्पताल कर्मी पति जब बाहर से पानी भरकर घर लौटा, तो कमरे का भयावह दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपनी बच्ची की जान ली और फिर खुद फांसी लगा ली.
गाजियाबाद में एक महिला और उसकी तीन साल की बेटी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला. (सांकेतिक)
गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. खोड़ा के शंकर विहार कॉलोनी में शुक्रवार की शाम एक बंद कमरे के भीतर 28 वर्षीय महिला और उसकी तीन साल की मासूम बच्ची के शव एक ही फंदे से लटकते पाए गए. मां और बेटी की इस दर्दनाक मौत की खबर जैसे ही इलाके में फैली, चारों तरफ सनसनी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शंकर विहार इलाके में सोनू अपनी पत्नी प्रीति (28) और तीन वर्षीय बेटी अक्षिता के साथ किराए के मकान में रहता है. सोनू गाजियाबाद स्थित मैक्स अस्पताल में नौकरी करता है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम सब कुछ सामान्य था. शाम के वक्त सोनू घर से बाहर कुछ दूरी पर पीने का पानी लेने गया हुआ था. कुछ देर बाद जब वह पानी का डिब्बा लेकर घर लौटा, तो कमरे का दरवाजा खुला पाकर अंदर दाखिल हुआ. कमरे के भीतर का खौफनाक मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई. उसकी पत्नी प्रीति और नन्हीं बेटी अक्षिता एक ही फंदे के सहारे लटकी हुई थीं. सोनू का रोना-चीखना सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और आनन-फानन में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई.
बेटी की हत्या के बाद मां के खुदकुशी की आशंका
सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने फंदे से दोनों शवों को नीचे उतारा और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया. डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. प्रारंभिक जांच और घटना स्थल की परिस्थितियों को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले किसी वजह से अपनी तीन साल की मासूम बेटी को फंदे पर लटकाया या उसकी हत्या की, और उसके बाद खुद भी उसी फंदे पर लटककर जान दे दी. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआती कयास है और अभी किसी निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पारिवारिक कलह पर टिकी जांच
पुलिस ने मां-बेटी के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आसपास के लोगों, मकान मालिक और पति सोनू से पूछताछ कर परिवार की पृष्ठभूमि और पारिवारिक स्थिति की जानकारी जुटा रही है. कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि महिला किसी मानसिक तनाव में थी या कोई घरेलू विवाद चल रहा था, इन सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय साफ हो सकेगा. फिलहाल इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
