इस दिवाली मिठाई नहीं, गिफ्ट करें कॉपर आइटम्स, खादी महोत्सव में ₹350 से ₹50 हजार तक के कई ऑप्शन

दिल्ली. दिवाली पर घर को सजाने के लिए लोग हर साल कुछ नया तलाशते हैं. ऐसे में दिल्ली के दिल्ली हाट INA में चल रहे खादी महोत्सव में इस बार प्रकृति से प्रेरित कॉपर की कलाकृतियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं. यहां पेड़, पत्तियों और फूलों से लेकर भगवान की मूर्तियों और दिवाली पूजा में इस्तेमाल होने वाले कई सामान मौजूद हैं. ये सभी सामान लेकर यहां पहुंची हैं लीना सिंह, जिन्होंने अपने कलेक्शन में प्रकृति और पारंपरिक कला को खास जगह दी है.

प्रकृति को बनाया डिजाइन का आधार
लीना सिंह के मुताबिक, आजकल घर सजाने के लिए लोग तरह-तरह की चीजें खरीदते हैं, लेकिन उनके कलेक्शन में प्रकृति को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है. उन्होंने पेड़, फूल और पत्तियों की आकृतियों पर खास काम किया है. उनके स्टॉल पर अलग-अलग डिजाइन के पेड़ रखे हैं, जिनकी ग्राहकों के बीच काफी मांग है. उनका कहना है कि इन डिजाइन को ग्राहक अपनी जरूरत और घर में उपलब्ध जगह के हिसाब से चुन सकते हैं. बड़े स्पेस के लिए बड़े साइज के पीस भी ऑर्डर पर तैयार किए जा सकते हैं.

80% कॉपर और 20% जिंक से तैयार होता है सामान
लीना सिंह के मुताबिक, इन कलाकृतियों को तैयार करने में करीब 80 फीसदी कॉपर और 20 फीसदी जिंक का इस्तेमाल किया जाता है. इसी मिश्रण से तैयार मटेरियल पर बारीक नक्काशी और डिजाइन का काम किया जाता है. कॉपर से बने इन डेकोरेशन आइटम्स में पारंपरिक कला के साथ मॉडर्न डिजाइन का भी मेल देखने को मिलता है. यही वजह है कि ये सामान सिर्फ दिवाली के मौके पर ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी घर की सजावट के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

350 रुपये से शुरू हैं भगवान की मूर्तियां
यहां सिर्फ होम डेकोर ही नहीं, बल्कि पूजा-पाठ से जुड़े कई सामान भी मौजूद हैं. भगवान हनुमान की मूर्तियों के अलावा देवी चरण, भगवान राम और दूसरे धार्मिक आइटम भी यहां मिल रहे हैं. कीमत की बात करें तो छोटी मूर्तियां करीब 350 रुपये से शुरू होती हैं. वहीं होम डेकोरेशन के आइटम करीब 400-500 रुपये से उपलब्ध हैं. मूर्तियां अलग-अलग साइज में तैयार की जाती हैं. करीब 3-4 इंच की छोटी मूर्तियों से लेकर बड़े साइज के पीस तक यहां मिल सकते हैं.

58 किलो की मूर्ति, कीमत करीब 50 हजार रुपये
इस कलेक्शन में सबसे खास और महंगी चीजों में करीब 58 किलो वजन की एक बड़ी मूर्ति शामिल है. इसकी ऊंचाई करीब 4 फीट और चौड़ाई भी करीब 4 फीट है. इसकी कीमत करीब 50,000 रुपये बताई गई है. लीना सिंह के मुताबिक, बड़े साइज के ऐसे आइटम ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार ऑर्डर पर भी बनवा सकते हैं. यानी अगर किसी ग्राहक के घर या ऑफिस में ज्यादा जगह है, तो उसी हिसाब से बड़ी कलाकृति तैयार की जा सकती है.

त्योहार के मौके पर 15% तक डिस्काउंट
खादी महोत्सव में दिवाली को ध्यान में रखते हुए पूजा से जुड़े कई सामान भी रखे गए हैं. हनुमान जी के छोटे-बड़े सिक्के, देवी चरण और भगवान राम से जुड़े आइटम ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं. इनमें भी साइज और डिजाइन के हिसाब से कई विकल्प दिए गए हैं.

लीना सिंह के मुताबिक, त्योहार के मौके पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए करीब 15 फीसदी तक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है. उनका कहना है कि त्योहार पर ग्राहकों को बेहतर कीमत पर सामान देने के लिए अपना मार्जिन कम रखा गया है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *