दिल्ली के मंगोलपुरी में भीषण अग्निकांड, जूता फैक्टरी में आधी रात को मची चीख-पुकार, जिंदा जले 4 लोग

Delhi Fire News: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार की रात को भीषण आग लगी. यह आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते लाशें बिछ गईं. हर तरफ चीख-पुकार मच गई. जी हां, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक में शुक्रवार रात जूता बनाने वाली एक फैक्टरी में आग लगी. इस अग्निकांड में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में रात नौ बजकर 32 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दमकल की 20 गाड़ियों को मौके पर भेजा. पुलिस के अनुसार, फैक्टरी के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि अन्य दो लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.

6 लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाकी लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

बेसमेंट से शुरू हुई आग
सहायक संभागीय अधिकारी (ADO) पारस कुमार ने बताया कि आग फुटवियर बनाने वाली यूनिट के बेसमेंट में लगी थी, जहां जूते भी रखे हुए थे. उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग को बेसमेंट तक ही सीमित रखा, जिससे वह पूरी इमारत में नहीं फैल पाई. हालांकि, ऊपरी मंजिलों पर घना धुआं भर गया, जिससे बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) मुश्किल हो गया.

कुमार ने पत्रकारों को बताया, ‘एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से बचाया गया, जबकि पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला गया.’ उन्होंने आगे बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अब कूलिंग का काम चल रहा है.

फैक्ट्री मालिक को बुलाया गया
पुलिस उपायुक्त (बाहरी जिला) विक्रम सिंह ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को बुलाया है और ठेकेदार-कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय वहां कितने मजदूर मौजूद थे.

सिंह ने कहा, ‘आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. आग बेसमेंट में लगी थी, जिसके बाद आग और धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया.’ अधिकारी इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रहे हैं. अभी और जानकारी का इंतजार है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *