चमन लाल के मशहूर रसकदम के स्वाद का खुला राज, समस्तीपुर में रोजाना दो क्विंटल दूध से होता तैयार, कारीगर ने बताया सब

Last Updated:

समस्तीपुर के चमन लाल का रसकदम अपने खास स्वाद के लिए मशहूर है. इस मिठाई को बनाने के लिए शुद्ध दूध का इस्तेमाल किया जाता है. कारीगर रोजाना दो क्विंटल से अधिक दूध से खोवा और छेना तैयार करते हैं. शुद्धता और पारंपरिक तरीके से बनने के कारण लोग इसे बहुत पसंद करते हैं.

ख़बरें फटाफट

समस्तीपुरः बिहार में मिठाइयों की बात हो और रसकदम का जिक्र न आए, ऐसा कम ही देखने को मिलता है. लेकिन जब बात चमन लाल के मशहूर रसकदम की होती है, तो लोगों के मन में एक सवाल जरूर उठता है कि आखिर इस मिठाई में ऐसा क्या खास है, जिसकी वजह से इसका स्वाद लोगों को बार-बार दुकान तक खींच लाता है. इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए लोकल 18 की टीम चमन लाल की दुकान पर पहुंची. यहां कारीगरों को पारंपरिक तरीके से रसकदम तैयार करते देखा गया. दुकान के कारीगर संतोष कुमार राय ने बताया कि उनके यहां रसकदम की सबसे बड़ी खासियत इसकी शुद्धता है.

इसे तैयार करने के लिए रेडीमेड खोवा या छेना नहीं खरीदा जाता, बल्कि दूध से दोनों चीजें दुकान पर ही तैयार की जाती हैं. गाय और भैंस के दूध को मिलाकर खोवा बनाया जाता है. कारीगर के मुताबिक, इसमें किसी तरह की मिलावट नहीं की जाती. यही वजह है कि यहां तैयार होने वाले रसकदम का स्वाद अलग होता है. संतोष कुमार राय बताते हैं कि अच्छी मिठाई तैयार करने के लिए सबसे जरूरी है कि उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री शुद्ध हो. इसी बात का विशेष ध्यान रखते हुए उनके यहां शुरुआत से ही पारंपरिक तरीके को अपनाया जाता है.

दूध उबालने से लेकर खोवा बनाने तक, जानिए पूरी प्रक्रिया
कारीगर संतोष कुमार राय ने रसकदम बनाने की विधि बताते हुए कहा कि सबसे पहले दूध को बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह उबाला जाता है. इसके बाद लगातार पकाते हुए उसे तब तक गर्म किया जाता है, जब तक दूध गाढ़ा होकर खोवा का रूप न ले ले और उसमें लालिमा न आ जाए. इसके बाद तैयार खोवा में चीनी मिलाकर अच्छी तरह भुना जाता है. फिर इसे कुछ देर ठंडा और सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है.स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें इलायची पाउडर भी मिलाया जाता है. दूसरी तरफ अलग बर्तन में दूध को फाड़कर छेना तैयार किया जाता है. छेना को अच्छी तरह मसलकर छोटी-छोटी गोलियां बनाई जाती हैं. इसके बाद खोवा की एक परत लेकर उसके बीच में छेना की गोली रखी जाती है. फिर चारों तरफ से खोवा को लपेटकर गोल आकार दिया जाता है.अंत में इसके ऊपर पोस्ता दाना लगाया जाता है. इस तरह तैयार होता है चमन लाल का खास रसकदम.कारीगर का कहना है कि इसमें खोवा और छेना का सही अनुपात बनाए रखना बेहद जरूरी है. थोड़ी सी लापरवाही भी मिठाई के स्वाद और बनावट को प्रभावित कर सकती है.

25 रुपये में एक पीस, रोजाना दो क्विंटल से अधिक दूध की खपत
चमन लाल के रसकदम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां प्रतिदिन बड़ी मात्रा में मिठाई तैयार की जाती है. संतोष कुमार राय के अनुसार, रोजाना दो क्विंटल से अधिक दूध का इस्तेमाल रसकदम बनाने में होता है. इतनी बड़ी मात्रा में मिठाई तैयार होने के बावजूद कई बार शाम होते-होते पूरा स्टॉक खत्म हो जाता है. कीमत की बात करें तो यहां रसकदम लगभग 600 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकता है, जबकि एक पीस की कीमत 25 रुपये है. कारीगर बताते हैं कि शुद्धता और खास स्वाद के कारण ग्राहक दूर-दूर से इसे खरीदने पहुंचते हैं. कई ग्राहक ऐसे भी हैं, जो नियमित रूप से यहां से रसकदम खरीदते हैं.

About the Author

Prashun Singh

प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.

इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *