नई दिल्ली. भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा को ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट’ के रूप में चार महिला प्रतिनिधियों में चुने जाने में नाकाम रहने से बड़ा झटका लगा. पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल छह उम्मीदवारों के बीच हुए विवादित चुनाव में बाजी मारने में सफल रहीं. उनके अलावा लंबी कूद की महान खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल भी एसओएम चुनी गईं.
चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी चुनाव परिणामों के अनुसार, चार महिला प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिए 80 एसओएम (40 पुरुष और 40 महिलाएं) मतदाता सूची में शामिल थे. इन सभी 80 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
सोमवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक हुए ऑनलाइन मतदान में छह उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया. अंजू को सर्वाधिक 53 मत मिले, जबकि रानी 50 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं. डोला को 45 और साइना को 43 मत प्राप्त हुए. उषा 40 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं, जबकि पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी अनिता पॉल दुरई को छह मत मिले.
इससे पहले शनिवार को ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, विजेंदर सिंह और योगेश्वर दत्त के साथ पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता चार पुरुष एसओएम के रूप में निर्विरोध चुने गए थे. उनके मुकाबले में खड़े आठ अन्य उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया था.
लंदन ओलंपिक (2012) में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले 43 वर्षीय गगन को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदारों में से एक माना जा रहा है. उषा अब पांच दिसंबर को होने वाले आईओए की कार्यकारी परिषद के चुनाव में तभी उम्मीदवार बन सकती हैं जब कोई राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) उन्हें आम सभा के लिए नामित करे. इसकी संभावना हालांकि कम बताई जा रही है.
एथलेटिक्स की इस दिग्गज खिलाड़ी को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के दो प्रतिनिधियों में जगह मिलने की भी उम्मीद बेहद कम है. आईओए के संविधान के मुताबिक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का एसओएम या महासभा का सदस्य होना अनिवार्य है.
वर्ष 2022 में पीटी उषा एसओएम के रास्ते निर्विरोध निर्वाचित होकर आईओए की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं. निर्वाचित होने वाले आठ एसओएम आईओए की महासभा के सदस्य बन जाएंगे. इसके साथ ही उन्हें पांच दिसंबर को होने वाले नये कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान करने के साथ-साथ उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का भी अधिकार मिल जाएगा.
इन आठ एसओएम में से दो सदस्यों (एक पुरुष और एक महिला) को आईओए की कार्यकारी परिषद में भी जगह मिलेगी. आईओए के एसओएम चुनाव के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया जब पीटी उषा ने चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव के समक्ष शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी पर व्हाट्सऐप संदेश के जरिए वोट मांगकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.
अपनी शिकायत में उषा ने एक ऐसे व्हाट्सऐप संदेश पर आपत्ति जताई जो कथित तौर पर डोला बनर्जी के नाम वाले अकाउंट से भेजा गया था. इस संदेश में ‘न्यू भारत पैनल’ के समर्थन की अपील की गई थी. साथ ही मतदाताओं से चार उम्मीदवारों को वोट देने का आग्रह किया गया था. संदेश में इन उम्मीदवारों के नाम के साथ उनके बैलेट सीरियल नंबर और मतदाता सूची के क्रमांक भी दिए गए थे.
इस बीच राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारोत्तोलक सतीश शिवलिंगम ने भी चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव के समक्ष शिकायत दर्ज कराई. शिवलिंगम ने उषा का नाम सीधे तौर पर लिये बिना आरोप लगाया कि, ‘‘एक उम्मीदवार के पक्ष में मतदाता सूची में शामिल सदस्यों को प्रभावित करने के लिए संगठित प्रयास किए जा रहे हैं. खास बात यह है कि संबंधित उम्मीदवार भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष भी हैं.’
उन्होंने अपनी शिकायत में इस मामले में आईओए के संसाधनों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया. शुरुआत में आठ एसओएम पदों के लिए 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे लेकिन पांच नवंबर को उम्मीदवारों की संख्या घटकर 23 रह गई थी. इसके बाद शनिवार को आठ पूर्व पुरुष खिलाड़ियों ने अप्रत्याशित परिस्थितियों में अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली. इनमें विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला, टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी अचंता शरत कमल, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी बी. साई प्रणीत, पूर्व भारोत्तोलक सतीश, 1980 ओलंपिक में हॉकी का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य सुरिंदर सिंह शोकर तथा पूर्व निशानेबाज रंजन सोढ़ी, मनशेर सिंह और मोराद अली खान शामिल हैं.
शरत कमल पिछली एथलीट आयोग के उपाध्यक्ष होने के नाते निवर्तमान कार्यकारी परिषद के सदस्य थे. नये एथलीट आयोग के सदस्यों, उसके अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा आईओए की आम सभा के लिए दो एथलीट प्रतिनिधियों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ.
महिला एसओएम में पूर्व धाविका अश्विनी नचप्पा, पूर्व तीरंदाज चेक्करोवोलू स्वुरो, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुर्गुंडे, भारोत्तोलन से जुड़ी नीलम सेत्ती लक्ष्मी और कैनोइंग एवं कयाकिंग की रजीना किरो ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी.
