Last Updated:
40+ batsman record: दोनों पारियों में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए टेलर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उस समय टेलर की उम्र 40 साल और 272 दिन थी. गूच ने 1994 में नॉटिंघम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 210 रन की शानदार पारी खेली थी. उस समय उनकी उम्र 40 साल और 314 दिन थी. इस सूची में टेलर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.वहीं क्रेग एर्विन 41 की उम्र में लगा देते है दोहरा शतक
40 की उम्र पार करके दो बल्लेबाजों ने एक ही मैच मेों बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली. जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने सोमवार (9 नवंबर) को इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. वह टेस्ट क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले दुनिया के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. 41 वर्षीय टेलर ने अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट की दोनों पारियों में जिम्बाब्वे के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की और क्रमशः 131 और 82 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच हैं.
पहली पारी में टेलर ने 168 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके और चार छक्के लगाए. उनकी शानदार पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने 134.3 ओवर में 504 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद दूसरी पारी में भी टेलर का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने महज 88 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 82 रन बनाए. मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन दोनों पारियों में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उस समय टेलर की उम्र 40 साल और 272 दिन थी. गूच ने 1994 में नॉटिंघम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 210 रन की शानदार पारी खेली थी. उस समय उनकी उम्र 40 साल और 314 दिन थी. इस सूची में टेलर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.
40 पार करके बने मैन आफ द मैच
टेस्ट क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की सूची में इंग्लैंड के ग्राहम गूच पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 40 साल और 314 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी. जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर 40 साल और 272 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक 40 साल और 155 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीतकर तीसरे नंबर पर हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्लाइव लॉयड 40 साल और 84 दिन की उम्र में इस उपलब्धि के साथ चौथे, जबकि शिवनारायण चंद्रपॉल 40 साल और 28 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनकर पांचवें स्थान पर हैं.
41 साल की उम्र में जड़ा दोहरा शतक
जिम्बाब्वे की इस ऐतिहासिक टेस्ट उपलब्धि में ब्रेंडन टेलर के अलावा क्रेग एर्विन का भी बड़ा योगदान रहा. एर्विन ने दूसरी पारी में नाबाद 206 रन की शानदार पारी खेली. सोमवार को दोहरा शतक पूरा करने के साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए. इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के एरिक रोवन पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 1951 में इंग्लैंड के खिलाफ 42 साल और छह दिन की उम्र में 236 रन बनाए थे. वहीं, इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जैक हॉब्स ने 1924 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 41 साल और 195 दिन की उम्र में 211 रन की पारी खेली थी.एर्विन का यह दोहरा शतक एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया. वह जिम्बाब्वे की ओर से टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज भी बन गए हैं. इसके अलावा वह टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के पांचवें बल्लेबाज हैं. जिम्बाब्वे की ओर से आखिरी बार टेस्ट की एक पारी में 200 या उससे अधिक रन बनाने का कारनामा एंडी फ्लावर ने किया था. उन्होंने 2000 में नागपुर में भारत के खिलाफ नाबाद 232 रन बनाए थे. अब क्रेग एर्विन ने दोहरा शतक जड़कर करीब 26 साल बाद जिम्बाब्वे के लिए इस उपलब्धि को दोहराया है.
About the Author
राजीव मिश्रा, खेल पत्रकारिता में एक जाना पहचाना चेहरा है जो अपनी बेबाक विशलेषण के लिए जाने जाते है. वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स …
