'ऑपरेशन लोटस' शुरू, राघव चड्ढा सहित 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने पर बौखलाई 'आप', संजय सिंह ने बीजेपी को घेरा

होमताजा खबरDelhi

‘ऑपरेशन लोटस’ शुरू हो चुका है, 3 सांसदों के पार्टी छोड़ने पर बौखलाई ‘आप’

Last Updated:

संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले राघव चड्ढा पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने राघव को पहले विधायक और फिर सांसद बनाया, लेकिन उन्होंने ना सिर्फ पार्टी को धोखा दिया है, बल्कि पंजाब की जनता से किया वादा भी तोड़ा है.

ख़बरें फटाफट

संजय सिंह ने बीजेपी पर हमला बोला.

नई दिल्ली. राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की घोषणा की है. इसको लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है. ‘आप’ ने इसको भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ बताया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और अनुराग ढांडा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा, “भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’, घटिया राजनीति का खेल और पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र है. पंजाब सरकार जो 300 यूनिट बिजली फ्री देने का काम करती है, वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है, तीस साल से जिन नहरों में पानी नहीं गया था, उन नहरों में पानी पहुंचाने का काम करती है. दलित और आदिवासी समाज से आने वाली माताओं और बहनों को 1,500 रुपए की मासिक आर्थिक मदद देने का काम करती है. गरीबों को 10 लाख रुपए तक फ्री इलाज की सुविधा भगवंत मान सरकार करती है. भाजपा ने ऐसी सरकार को तोड़ने और धोखा देने का काम किया है.”

संजय सिंह ने कहा, “आज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सात सांसद तोड़कर भाजपा में शामिल किए गए. इन सातों नामों को पंजाब की जनता को याद रखना चाहिए. पंजाब की जनता इन लोगों को माफ नहीं करेगी. राघव चड्डा को पार्टी ने विधायक और सांसद बनाया. पंजाब की जनता ने प्यार देकर राज्यसभा में पहुंचाया. अब भाजपा की गोद में जा बैठे. संदीप पाठक को पंजाब की जनता के प्यार और आशीर्वाद से राज्यसभा में पहुंचने का मौका मिला. पार्टी ने बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां दीं. राजेंद्र गुप्ता का इतिहास उठाकर देखिए. पार्टी ने उनको क्या नहीं दिया. विक्रम साहनी, अशोक मित्तल और स्वाति मालीवाल को जमीन से उठाकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचाने का काम किया. इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है. पंजाब के लोगों को धोखा देने का काम किया है. पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का काम किया है. इन सबको पंजाब के लोग माफ नहीं करेंगे.”

‘आप’ सांसद ने कहा, “मैं अमित शाह से कहना चाहता हूं, ये घिनौना खेल जो आपने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार के साथ खेला है, इसके लिए आपको भी पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी. एक अच्छी सरकार पंजाब में चल रही है. भगवंत मान बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों पर अच्छा काम कर रहे हैं, और आज उस सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है. ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके, हमारे सांसदों को तोड़ा जा रहा है. पिछले दिनों अशोक मित्तल के यहां ईडी का छापा पड़ा, और अब वो भाजपा में शामिल हो गए, इसका क्या मतलब है? इसका मतलब साफ है कि नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाया जा रहा है.”

राघव चड्ढा को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा कि जिस पार्टी ने किसानों के लिए तीन काले कानून लाने का काम किया है, अब वो उस पार्टी के साथ मिलकर देश की जनता के लिए काम करेंगे. उन्होंने भाजपा पर आजादी के बाद देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में संगठित भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया. ऐसे में भाजपा में जाकर कोई देश की आवाज को कैसे उठाएगा. भाजपा पंजाब के लोगों को धोखा देने और भगवंत मान सरकार के जनहितैषी कामों को रोकने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ चला रही है.

About the Author

Rakesh Ranjan Kumar

राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *