Last Updated:
Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की 9वीं मंजिल पर भीषण आग से हड़कंप मच गया. आग ने करीब 8 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही फायर विभाग के 70 दमकलकर्मियों और 17 गाड़ियों ने मोर्चा संभाला. 3 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में ऑक्सीजन पर मौजूद बुजुर्ग और एक महिला समेत 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सोसाइटी के सक्रिय फायर सिस्टम और हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया.
Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक फ्लैट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. 9वीं मंजिल की ऊंचाई और धधकती लपटों के बीच करीब 8 फ्लैट आग की चपेट में आ गए. धुएं के गुबार और बंद दरवाजों के बीच फंसी जिंदगियों को बचाने के लिए फायर विभाग के 70 दमकलकर्मियों ने अपनी जान की बाजी लगा दी. करीब 17 दमकल गाड़ियों और दो हाइड्रोलिक क्रेनों की मदद से तीन घंटे तक चले ‘महा-ऑपरेशन’ के बाद न केवल आग पर काबू पाया गया, बल्कि ऑक्सीजन पर निर्भर बुजुर्ग समेत दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
सुबह 8:50 पर मची अफरा-तफरी
गाजियाबाद के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) राहुल पाल ने बताया कि सुबह करीब 8:50 बजे इंदिरापुरम के अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की 9वीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली. खबर मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से तुरंत 5 गाड़ियां रवाना की गईं. लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गाजियाबाद और नोएडा दोनों जिलों से मदद मांगनी पड़ी. देखते ही देखते मौके पर 17 दमकल गाड़ियां और दो विशाल हाइड्रोलिक क्रेन तैनात कर दी गईं.
70 दमकलकर्मी और 3 घंटे का संघर्ष
ऊपरी मंजिलों तक पहुंच चुकी आग को बुझाना फायर विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती थी. ऊंचाई और तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं. मौके पर मौजूद 70 से ज्यादा दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से मोर्चा संभाला. प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे. करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग को पूरी तरह शांत किया.
बुजुर्ग और बीमारों का रेस्क्यू
इस अग्निकांड के दौरान सबसे चुनौतीपूर्ण काम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना था. फायर विभाग ने कुल 10 लोगों को सीधे तौर पर रेस्क्यू किया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला शामिल थीं जिनका गेट लॉक तोड़कर उन्हें निकाला गया. वहीं, घर में ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति के लिए दमकलकर्मी देवदूत बनकर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया. इसके अलावा, एहतियात के तौर पर 20 से 22 अन्य फ्लैटों के निवासियों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया.
सोसाइटी के फायर सिस्टम ने निभाई बड़ी भूमिका
जांच में सामने आया कि इस भीषण आग ने लगभग 8 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया था. अधिकांश फ्लैटों में डबल लॉक लगे होने के कारण दमकलकर्मियों को दरवाजे तोड़ने पड़े. राहत की बात यह रही कि गौर ग्रीन एवेन्यू का आंतरिक फायर फाइटिंग सिस्टम चालू हालत में था, जिसने आग को फैलने से रोकने में मदद की. हालांकि हाइड्रोलिक क्रेन मंगवाई गई थीं, लेकिन दमकलकर्मियों ने अंदरूनी सिस्टम और अपनी सूझबूझ से फ्लैट के भीतर जाकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
