गाजियाबाद में संवरेंगे 22 डेंजर जोन: लोनी से वैशाली तक बदलेगी सड़कों की सूरत, एक्सीडेंट की जगह 30 मिनट में पहुंचेगी एम्बुलेंस

Last Updated:

Ghaziabad News: गाजियाबाद जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने यातायात व्यवस्था सुधारने और हादसों को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं. जिले के 22 में से 17 ब्लैक स्पॉट ठीक कर लिए गए हैं, जबकि बाकी पर काम जारी है. प्रशासन अब उन वाहनों को सीज करेगा जिन पर 5 से ज्यादा चालान लंबित हैं. साथ ही, सड़कों से अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और होर्डिंग्स हटाए जाएंगे और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा सुनिश्चित की जाएगी.

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रहने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और सड़कों के गड्ढों से बड़ी राहत मिलने वाली है. सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए गाजियाबाद के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अहम बैठक हुई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस मीटिंग में डीएम ने साफ कर दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अफसरों को सड़कों से अतिक्रमण हटाने से लेकर बार-बार नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों के खिलाफ बेहद सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.

22 खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ में से 17 का काम पूरा
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में हादसों के लिए जिम्मेदार चिन्हित किए गए 22 ‘ब्लैक स्पॉट’ (खतरनाक जगहों) में से 17 पर सुरक्षा से जुड़े काम पूरे कर लिए गए हैं. बाकी बचे लोनी बस स्टैंड और जोहरी एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन पर सड़क का निर्माण काम पूरा होते ही सुरक्षा के इंतजाम तुरंत करने को कहा गया है. इसके अलावा, मोहननगर चौराहा और वैशाली मेट्रो स्टेशन के ब्लैक स्पॉट को ठीक करने के लिए बजट मांगा गया है, जबकि कौशाम्बी बस स्टैंड पर नगर निगम को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश मिले हैं.

बार-बार नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, सीज होगी गाड़ी
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब बड़ा एक्शन लेने जा रहा है. डीएम ने आरटीओ विभाग को निर्देश दिया है कि जिन गाड़ियों पर 5 से ज्यादा चालान पेंडिंग हैं, उन्हें तुरंत सीज किया जाए और उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं. साथ ही, जो वाहन बार-बार एक्सीडेंट का शिकार हो रहे हैं, उनके ड्राइवरों के लाइसेंस भी निरस्त होंगे. इसके अलावा सभी कमर्शियल वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना अनिवार्य कर दिया गया है.

अवैध पार्किंग पर चलेगा चाबुक, हटेंगे होर्डिंग्स
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम को सड़कों और प्रमुख चौराहों से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने का जिम्मा सौंपा गया है. अब ई-रिक्शा के लिए अलग से पार्किंग स्पेस बनाया जाएगा. वहीं, एक्सप्रेसवे और सड़कों के किनारे लगे अवैध होर्डिंग्स को तुरंत हटाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि ड्राइवरों का ध्यान न भटके.

एक्सप्रेसवे पर 30 मिनट में पहुंचेगी एम्बुलेंस, टोल पर बजेंगे देशभक्ति गीत
जनता की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निर्देश दिया गया है कि एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए. अगर कोई दुर्घटना होती है, तो हर हाल में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस मौके पर पहुंचनी चाहिए.

इसके साथ ही टोल प्लाजा के शौचालयों को साफ रखने और उन्हें आम लोगों के लिए हमेशा खुला रखने को कहा गया है. एक अनोखे फैसले के तहत अब NHAI के टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम (लाउडस्पीकर) के जरिए देशभक्ति के गीत भी बजाए जाएंगे.

रोडवेज और वीआईपी रूट के लिए खास प्लान
यात्रियों की सुविधा के लिए यूपी रोडवेज को बस स्टैंड्स पर साफ-सफाई और पीने के साफ पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है. सेक्टर-62 एरिया में बसों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वहां तैनात स्टाफ की जानकारी पुलिस को दी जाएगी. इसके अलावा, वीआईपी रूट हिंडन से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर लोगों की आसानी के लिए जगह-जगह दिशा-सूचक (साइन बोर्ड) लगाए जाएंगे.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *