Last Updated:
Ghaziabad News; दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए जरूरी सूचना जारी की गई है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि आम जनता के लिए आम सुबह से कल शाम तक वैकल्पिक रास्तों का चयन करना होगा. आइए जानते हैं कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के किन रास्तों को बंद किया गया है.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे रूट डायवर्जन
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है. दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से इस एक्सप्रेसवे पर मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके कारण इसका कुछ हिस्सा 6 जून सुबह 7 बजे से 7 जून की रात तक बंद किया गया है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर एडवाइजरी जारी की है और लोगों से अपील की है कि इस अवधि में वैकल्पिक मार्ग अपनाएं.
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 21.460 किमी तक मरम्मत कार्य किया जाना है. इसे देखते हुए आईएमएस कॉलेज (IMS College) से एबीईएस कॉलेज (ABES College) के बीच का रास्ता बंद किया गया है.
इस रास्ते से करें यात्रा
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 7 जून तक इन रास्तों से जाने वाले यात्रियों को आईएमएस कॉलेज से डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वे एनएच-9, लालकुआं और एबीईएस कॉलेज होते हुए आई.पी.एम. के पास दोबारा निकलेंगे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक पहुंच जाएंगे.
आमजन की सुविधा के लिए मरम्मत कार्य
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि यातायात पुलिस और एनएचएआई की ओर से संयुक्त रूप से आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं, जिससे निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके और आमजन को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े. कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव साइनेज और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी.
वैकल्पिक मार्गों के चयन की अपील
अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस वाहन चालकों और आमजन से अपील करती है कि उक्त अवधि में यात्रा के दौरान पर्याप्त समय लेकर चलें. निर्धारित गति सीमा का पालन करें. यातायात पुलिस की ओर से दिए गए निर्देशों का अनुपालन करें. आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. भारी और मालवाहक वाहन चालक विशेष रूप से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, ताकि यातायात संचालन सुचारु रूप से जारी रखा जा सके.
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी. आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएंगे. किसी भी असुविधा के लिए यातायात पुलिस जनसामान्य से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपेक्षा करती है. पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
