Last Updated:
Sleeping Remedy: दिनभर की थकान के बाद भी अगर रात में आपको नींद नहीं आती है, तो आपको डाइट में बदलाव की जरूरत है. यहां आप स्लीप फ्रेंडली 5 हर्ब्स के बारे में जानेंगे, जो बॉडी को रिलेक्स करती है और चैन से सोने में मदद करती है.
अच्छी नींद केवल शरीर को आराम देने के लिए ही जरूरी नहीं होती, बल्कि यह हमारे पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित करती है. पर्याप्त और गहरी नींद लेने से शरीर बेहतर तरीके से काम करता है, मन शांत रहता है और दिनभर ऊर्जा बनी रहती है. वहीं, नींद की कमी या बार-बार नींद टूटने की समस्या का असर मूड, एकाग्रता, पाचन और संपूर्ण स्वास्थ्य पर पड़ता है. आजकल लाखों लोग अनिद्रा और नींद से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं.
बेहतर नींद पाने के लिए कई लोग दवाओं का सहारा लेते हैं, लेकिन नेचुरल उपाय भी काफी लाभदायक हो सकते हैं. कुछ जड़ी-बूटियां ऐसी हैं जिन्हें चाय या गर्म पेय के रूप में सेवन करने से शरीर को आराम मिलता है और नींद बेहतर हो सकती है. यहां हम आपको ऐसे ही कुछ हर्ब्स के बारे में बता रहे हैं.
कैमोमाइल
कैमोमाइल एक लोकप्रिय जड़ी-बूटी है, जिसे अक्सर सोने से पहले चाय के रूप में पिया जाता है. इसमें ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो ब्रेन को शांत करने में मदद करते हैं और नींद आने में सहायक होते हैं. इसका स्वाद हल्का और फूलों जैसी खुशबू वाला होता है. सोने से लगभग आधा घंटा पहले कैमोमाइल चाय पीना लाभदायक माना जाता है. इसे गर्म दूध में मिलाकर भी लिया जा सकता है.
अश्वगंधा
अश्वगंधा भारतीय घरों में लंबे समय से उपयोग की जाने वाली आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है। यह तनाव को कम करने में मदद करती है, जिससे नींद की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। विशेष रूप से अनिद्रा से परेशान लोगों के लिए यह फायदेमंद मानी जाती है। रात में गर्म दूध में थोड़ी मात्रा में अश्वगंधा पाउडर मिलाकर सेवन किया जा सकता है।
तुलसी
तुलसी भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. यह तनाव को संतुलित करने और शरीर को शांत रखने में मदद करती है. कुछ अध्ययनों के अनुसार, तुलसी और कैमोमाइल का मिश्रण नींद की गुणवत्ता सुधारने बहुत कारगर होता है. तुलसी की पत्तियों को पानी में उबालकर चाय के रूप में पीया जा सकता है.
लैवेंडर
लैवेंडर अपनी सुगंध के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन इसका उपयोग पेय पदार्थों में भी किया जा सकता है. यह मन को शांत करता है और बेचैनी कम करने में मदद करता है. सूखे लैवेंडर फूलों को हर्बल चाय में मिलाकर या शहद के साथ गर्म पानी में डालकर पिया जा सकता है.
लेमन बाम
पुदीना से जुड़ी यह जड़ी-बूटी चिंता और बेचैनी को कम करने में मदद करती है. इसका हल्का खट्टा स्वाद इसे ताजगीभरा बनाता है. लेमन बाम की चाय शाम के समय पीने से मन शांत हो सकता है और नींद आने में आसानी हो सकती है.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
