Last Updated:
Tughlakabad Fire: तुगलकाबाद अग्निकांड में पुलिस ने एक्शन लेते हुए एक नाबालिग युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी. मामले की छानबीन के बाद आरोपियों को दबोचा गया है
तुगलकाबाद अग्निकांड में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. (फाइल फोटो)
Tughlakabad Fire News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में 12 जून की तड़के हुई भीषण आग की घटना को लेकर पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित आगजनी की वारदात थी. एक स्कूटी को जलाने की साजिश ने देखते ही देखते पूरी पांच मंजिला इमारत को आग की चपेट में ले लिया. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए. मामले में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 12 जून को रात करीब 2:24 बजे तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित गली नंबर-1 में मकान नंबर RZ-171/1 में आग लगने की सूचना मिली थी. आग तेजी से फैलती हुई इमारत की ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई. घटना के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में घायल आठ लोगों को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान पंकज पांडेय, सुशीला देवी और सोनिया कुमारी ने दम तोड़ दिया. तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
शुरुआत में गोविंदपुरी थाना पुलिस ने लापरवाही के कारण आग लगने और मौत का मामला दर्ज किया था. हालांकि, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर जांच को नया मोड़ मिला. फुटेज में आग लगने से कुछ समय पहले एक महिला इमारत में प्रवेश करती दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया.
17 साल की नाबालिग भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की की पहचान कर उसे हिरासत में लिया. पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि गोविंदपुरी के गिरिनगर निवासी 27 वर्षीय सरिता ने उसे पेट्रोल और माचिस उपलब्ध कराई थी. सरिता ने उसे इमारत की पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी में आग लगाने के लिए उकसाया था. दीपक और सरिता के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था.
बदले की आग में लगा दी आग
पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ में सरिता ने बताया कि पूरी साजिश गोविंदपुरी के नवनजीवन कैंप निवासी निरंजन और उसके भाई राजकुमार ने रची थी. दोनों दीपक से पुराने विवाद का बदला लेना चाहते थे. इसी मकसद से स्कूटी में आग लगाने की योजना बनाई गई थी. लेकिन स्कूटी में लगाई गई आग ने भयावह रूप ले लिया और पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई.
पुलिस ने FIR में जोड़ी नई धाराएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर में कई नई धाराएं जोड़ दी हैं. इनमें आपराधिक साजिश, गैर-इरादतन हत्या, गैर-इरादतन हत्या का प्रयास, आग लगाकर नुकसान पहुंचाने तथा रात में घर में घुसपैठ करने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं. पुलिस ने नाबालिग लड़की, सरिता, निरंजन और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि साजिश के हर पहलू को सामने लाया जा सके.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें
