Last Updated:
कोडरमा में साग के डंठल को फेंकने के बजाय उससे स्वादिष्ट और पौष्टिक ग्रेवी वाली सब्जी बनाई जाती है. आयरन, कैल्शियम, विटामिन और फाइबर से भरपूर यह व्यंजन रोग प्रतिरोधक क्षमता और पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद है. राई, प्याज, आलू, टमाटर, मसालों और कस्तूरी मेथी के साथ तैयार यह सब्जी रोटी, पराठे या चावल के साथ बेहतरीन स्वाद देती है.
कोडरमा : हरी पत्तेदार सब्जियां हमेशा से स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती हैं. कोडरमा में साग के डंठल को फेंकने के बजाय उससे स्वादिष्ट और पौष्टिक ग्रेवी वाली सब्जी बनाई जाती है. इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं.
आमतौर पर लोग साग के पत्तों से स्वादिष्ट साग बनाकर खाते हैं. जबकि उसके डंठल को बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन कोडरमा के कई घरों में साग के डंठल से भी बेहद स्वादिष्ट, पौष्टिक और ग्रेवी वाली सब्जी तैयार की जाती है.
साग के डंठल से तैयार होता है स्वादिष्ट सब्जी
गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि गांधारी साग का डंठल पोषक तत्वों का खजाना है. इसमें आयरन, कैल्शियम, विटामिन और भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है. जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाता है. सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले साग तैयार करने के बाद बचे हुए डंठलों को अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद इन्हें लगभग पांच मिनट तक पानी में उबालें और पानी निकालकर अच्छी तरह छान लें. अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई के दाने डालें. राई चटकने के बाद दो से तीन कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद उबले हुए साग के डंठल डालकर अच्छी तरह भून लें.
कस्तूरी मेथी से बढ़ेगी खुशबू, ग्रेवी वाली सब्जी रोटी-चावल के साथ उठाए लुफ्त
उन्होंने बताया कि अब इसमें तेज पत्ता और उबले हुए आलू डालकर दो से तीन मिनट तक पकाएं. फिर हल्दी, नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला जैसे आवश्यक मसाले मिलाकर अच्छी तरह भूनें. इसके बाद एक कटा हुआ टमाटर डालें और थोड़ा पानी मिलाकर पकाएं. जब तक मसाला तेल न छोड़ने लगे.
आखिर में इसमें कस्तूरी मेथी डालकर खुशबू बढ़ाएं और थोड़ा पानी मिलाकर धीमी आंच पर करीब दस मिनट तक पकने दें. कुछ ही देर में ग्रेवी से भरपूर साग के डंठल की स्वादिष्ट सब्जी तैयार हो जाती है. इसे गरमा-गरम रोटी, पराठा या चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसका अनोखा स्वाद और पौष्टिक गुण इसे हर उम्र के लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाते हैं.
About the Author
8 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. क्राइम, खेल, …और पढ़ें
