नई दिल्ली: आईआईटी दिल्ली तक पहुंचना हर एक उस स्टूडेंट का सपना होता है, जो आईआईटी जेईई की तैयारी कर रहे होते हैं. जो इंजीनियर बनने का सपना देख रहे होते हैं. जो लोग इंजीनियर न बनकर किसी और प्रोफेशन में होती है, लेकिन उनके अंदर भी उत्सुकता जरूर होती है कि आखिर आईआईटी का कैंपस कैसा होता है. इसके अंदर सिर्फ पढ़ाई के लिए ही जगह होती है या मौज मस्ती के लिए भी कुछ होता है.
अगर आपने भी हमेशा से ऐसा सोचा है, तो चलिए आपको बताते हैं कि आईआईटी दिल्ली के अंदर आखिर क्या कुछ मौजूद है. लोकल 18 ने आईआईटी दिल्ली कैंपस का पूरा टूर किया. इस दौरान काफी कुछ यहां पर अनोखा मिला. सबसे पहले आपको बता दें कि आईआईटी दिल्ली के अंदर पढ़ाई के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की हर एक जरूरत का ख्याल रखा जाता है.
अंदर मौजूद हैं कई बड़े रेस्टोरेंट
आईआईटी दिल्ली के अंदर सिर्फ हॉस्टल का मेस खाने के लिए ही नहीं होता है. बल्कि यहां पर अंदर कई बड़े ब्रांडेड रेस्टोरेंट भी चल रहे हैं. जी हां! आपको बता दें कि आईआईटी दिल्ली के अंदर राजधानी रेस्टोरेंट है, जो ओपन रेस्टोरेंट हैं. इसके अंदर स्टूडेंट्स को हर तरह का खाना मिलता है. ज्यादातर स्टूडेंट्स जो हॉस्टल में इसका खाना नहीं खाना चाहते वो राजधानी रेस्टोरेंट के अंदर ही खाना खाते हुए अक्सर नजर आते हैं. यह रेस्टोरेंट हमेशा खचाखच छात्र-छात्राओं से भरा रहता है.
इसके अलावा यहां पर एक साउथ इंडियन रेस्टोरेंट भी है जो काफी मशहूर है, जिसका नाम है नैवेद्यम. यह रेस्टोरेंट साउथ इंडिया का काफी जाना माना रेस्टोरेंट है. यहां पर पूरी तरह से साउथ इंडियन खाना मिलता है. यह भी आईआईटी दिल्ली के अंदर मौजूद है. इसके अलावा आईआईटी दिल्ली की अपनी एक अलग कैंटीन है. जहां पर छोले भटूरे से लेकर के समोसा, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम से लेकर चॉकलेट और बिस्किट तक सब कुछ मिलता है.
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के साथ ही हॉस्पिटल भी है यहां
आईआईटी दिल्ली का अपना अलग स्पोर्ट्स कांप्लेक्स है. जहां पर स्पोर्ट्स एक्टिविटी होती है. यह जगह पूरी तरह से छात्र-छात्राओं के लिए है. जब स्पोर्ट्स से जुड़ा हुआ कोई बड़ा इवेंट होता है, तब अलग-अलग आईआईटी के स्टूडेंट यहां आते हैं और उसमें अपनी हिस्सेदारी निभाते हैं. इसके अलावा यहां पर आईआईटी का अपना खुद का एक अस्पताल भी है, जिसके अंदर ओपीडी का पर्चा बनवाने के बाद ही प्रवेश मिलता है. जिस तरह बड़े हॉस्पिटल चलते हैं वैसे ही आईआईटी दिल्ली का हॉस्पिटल है.
इसके अंदर छात्र-छात्राओं को जाने से पहले पंजीकरण करना पड़ता है. फिर वह डॉक्टर से सलाह लेकर अपना इलाज कराते हैं. हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को जब भी कोई दिक्कत होती है, तो उन्हें सबसे पहले इसी अस्पताल में लाया जाता है. यहां पर हॉस्पिटल की अपनी तीन एंबुलेंस भी है. इसके अलावा यहां पर अपोलो फार्मेसी भी मौजूद है. अपोलो फार्मेसी में हर तरह की दवाएं और हर तरह का मेडिकल प्रोडक्ट मिलता है.
जेन-जी पोस्ट ऑफिस और शॉपिंग प्लेस तक मौजूद
आईआईटी दिल्ली में जेन- जी पोस्ट ऑफिस है, जिसमें आईआईटी दिल्ली के छात्र-छात्राएं अपना खाता खुलवाते हैं और पोस्ट ऑफिस से जुड़ी हुई सारी सुविधाएं यहां पर छात्र-छात्राओं को दी जाती हैं. इसके अलावा यहां पर एक शॉपिंग प्लेस भी है, जो छात्र-छात्राओं के लिए है, जिसमें बड़े रेस्टोरेंट भी मिलेंगे और ब्यूटी पार्लर तक मिलेंगे. कपड़ों की शॉपिंग से लेकर हर कुछ यहां पर आपको मिलेगा.
इसके अलावा यहां पर एक खादी आश्रम का शोरूम भी है. स्टेशनरी से जुड़े हुए सारे सामान यहां पर मिल जाते हैं. कुल मिलाकर देखा जाए तो आईआईटी दिल्ली सिर्फ पढ़ाई तक ही सीमित नहीं है. बल्कि यहां पर एक छोटा शहर बसता है, जिसके अंदर रेस्टोरेंट, शॉपिंग कांप्लेक्स से लेकर के छात्र-छात्राओं की हर एक जरूरत का ख्याल रखा जाता है.
