Delhi Rape and Murder Case: ‘एनकाउंटर न्याय नहीं है, मैं चाहता हूं कि आरोपी को फांसी हो…’ दिल्ली के छतरपुर श्मशान घाट पर मंगलवार को अपनी 10 साल की बेटी के अंतिम संस्कार के समय एक दुखी पिता के शब्द थे. उनकी बेटी के साथ मंगलवार को दरिंदगी हुई थी. दरिंदे ने उनकी बेटी का अपहरण कर पहले रेप किया, फिर हत्या कर उसकी लाश जंगल में फेंक दी.
उस मासूम बच्ची की पिता ने अपनी बेटी का अंतिम संस्कार करने के बाद कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी बेटी के दरिंदे को फांसी मिले. एनकाउंटर न्याय नहीं है. उन्होंने यह बात तब कही, जब उन्हें पता चला कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर का एनकाउंटर किया है और पैर में गोली लगने से वह घायल है. पुलिसक के मुताबिक, रेप का आरोपी पुलिस कस्टडी में था और भागने की कोशिश कर रहा था.
पुलिस ने बताया कि बिहार का रहने वाला आरोपी जांच के दौरान भागने की कोशिश कर रहा था. इसके बाद उसे रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को गोली चलानी पड़ी. इसके बाद उसे इलाज के लिए ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई गई.
पिता ने बताई उस भोर की कहानी
उस सुबह की भयानक घटना को याद करते हुए पीड़िता के पिता ने बताया कि वे फुटपाथ पर सो रहे थे, तभी कैब ड्राइवर (बच्ची के पिता ने कैब ड्राइवर के लिए ‘दरिंदा’ शब्द का इस्तेमाल किया) ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘मेरी बेटी चिल्लाई भी थी. मैं कैब के पीछे भागा और उसकी कार पर एक डंडा भी फेंका.’
‘मौत की सजा मिले’
उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने कार देखी और पुलिस को फोन किया. पिता ने आगे कहा, ‘पुलिस को कार का नंबर दिया. जो पुलिस अधिकारी आए, उन्होंने बहुत मदद की. उन्होंने मुझसे कहा, ‘चिंता मत करो, हम आपके साथ हैं’. उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला कि पुलिस ने आरोपी का एनकाउंटर किया है. उन्होंने कहा, ‘लेकिन मैं चाहता हूं कि उसे कड़ी से कड़ी सजा और मौत की सजा मिले.’
श्मशान घाट पर दिल दहला देने वाले दृश्य एक ऐसे परिवार के सदमे को दिखा रहे थे जो एक अपराध से पूरी तरह टूट चुका था. नाबालिग का शव भारी पुलिस तैनाती के बीच श्मशान घाट लाया गया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर के अंदर और आसपास पुलिस अधिकारी तैनात थे.
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्ची के परिवार वाले बुरी तरह टूट चुके थे. वे बार-बार रो पड़ते थे और रिश्तेदारों को उन्हें संभालना पड़ रहा था क्योंकि वे इस नुकसान को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे. परिवार के कई सदस्य जमीन पर लेटे हुए और बेतहाशा रोते हुए देखे गए. अंतिम संस्कार के दौरान कई रिश्तेदार बेहोश हो गए और वहां मौजूद लोगों ने उनकी मदद की. श्मशान घाट पर एक आदमी चिल्लाया, ‘हमने सब कुछ खो दिया है. आरोपी को मौत की सज़ा यानी फांसी मिलनी चाहिए.’ श्मशान घाट पर शोक का माहौल था और लोग पीड़ित परिवार के आस-पास जमा थे.
कहां हुई रेप-हत्या की वारदात
पुलिस के अनुसार, बच्ची को महरौली में फुटपाथ से अगवा किया गया था. यहां वह सोमवार तड़के अपने परिवार के साथ सो रही थी. एक कैब ड्राइवर ने कथित तौर पर उसका अपहरण किया. उसके साथ रेप किया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के किनारे जंगल वाले इलाके में पत्थरों के नीचे छिपा दिया. घटना के 4 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
