Twisha Murder Case: जिमनास्टिक बेल्ट पर मिले ट्विशा के स्किन टिश्यू, AIIMS की रिपोर्ट में हाथ लगा बड़ा सबूत

Last Updated:

Twisha Sharma Murder Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में दिल्ली एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी गई है. रिपोर्ट में जिमनास्टिक बेल्ट पर स्किन टिश्यू मिले है जो ट्विशा की गर्दन के निशानों से मेल खाते हैं. यह बेल्ट अब जांच का अहम सबूत है.

12 मई को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. वह एक जज की बहू थी.

Twisha Sharma Murder Case: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में दिल्ली एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट आ गई है. इस रिपोर्ट ने जांच की दिशा मोड़ दी है. कोर्ट के आदेश पर हुए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद मेडिकल बोर्ड ने यह रिपोर्ट तैयार की. इसे सीबीआई को सौंप दी गई है. रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में दी गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इसमें ऐसा वैज्ञानिक सबूत मिला है, जो इस केस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार जिस जिमनास्टिक बेल्ट को फांसी के लिए इस्तेमाल किया गया बताया गया था, उस पर त्वचा (स्किन टिश्यू) के निशान मिले हैं. जांच में यह भी पाया गया कि यह स्किन टिश्यू ट्विशा की गर्दन पर मिले निशानों से मेल खाता है. यही वजह है कि अब यह बेल्ट जांच का सबसे बड़ा सबूत बन गई है.

पहले पोस्टमार्टम में नहीं मिला था जवाब

ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं. शुरुआती पोस्टमार्टम में कई सवालों के जवाब नहीं मिले थे. सबसे बड़ा सवाल यही था कि जिस बेल्ट से फांसी लगाने की बात कही जा रही है, क्या वही वास्तव में इस्तेमाल हुई थी? पहले पोस्टमार्टम के दौरान कथित बेल्ट मेडिकल बोर्ड के सामने पेश ही नहीं की गई थी. इसी वजह से डॉक्टर यह नहीं बता पाए थे कि गर्दन पर मिले निशान उसी बेल्ट से बने थे या नहीं. इसके बाद ट्विशा के परिवार ने जांच और पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए. मामला मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहुंचा.

हाईकोर्ट ने दिए थे दो बड़े आदेश

परिवार की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दो अहम फैसले लिए. पहला, ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली के डॉक्टरों की टीम करेगी. दूसरा, पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी. हाईकोर्ट के आदेश के बाद 24 मई को एम्स दिल्ली के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने दूसरा पोस्टमार्टम किया. टीम ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. करीब एक महीने तक वैज्ञानिक जांच चली. एम्स की टीम ने सिर्फ पोस्टमार्टम नहीं किया. बेल्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और दूसरे सबूतों की भी विस्तार से जांच की गई.

सूत्रों के मुताबिक बेल्ट का लैब परीक्षण और हिस्टोपैथोलॉजी जांच कराई गई. इसी जांच में बेल्ट पर स्किन टिश्यू मिलने की पुष्टि हुई. रिपोर्ट में माना गया है कि बेल्ट पर मिले टिश्यू और ट्विशा की गर्दन पर मिले निशानों का पैटर्न एक-दूसरे से मेल खाता है.

एम्स के डॉक्टर ने क्या कहा?

एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने रिपोर्ट की जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल बोर्ड ने हर पहलू की बेहद बारीकी से जांच की. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेडिकल रिसर्च का अध्ययन किया गया. करीब एक महीने तक विचार-विमर्श के बाद वैज्ञानिक आधार पर अंतिम राय तैयार की गई. डॉ. गुप्ता ने कहा कि रिपोर्ट पूरी तरह स्पष्ट है और इसे सच्चाई व न्याय के हित में सीबीआई और अदालत को सौंप दिया गया है. 11 पन्नों की यह रिपोर्ट 10 जुलाई को सीबीआई को सीलबंद लिफाफे में दी गई. हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी अनुपालन रिपोर्ट भेजी गई है. दूसरे पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग पहले से ही सीबीआई के पास सुरक्षित है.

अब सीबीआई की जांच में होगी अहम भूमिका

ट्विशा शर्मा रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू थीं. उनकी मौत के बाद से ही परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा था. अब एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट सीबीआई जांच का सबसे अहम वैज्ञानिक आधार मानी जा रही है. हालांकि रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू ने उस बड़े सवाल का जवाब दे दिया है, जिस पर पूरे केस की दिशा टिकी हुई थी. अब सबकी नजर सीबीआई की अगली कार्रवाई और अदालत में पेश होने वाले इस वैज्ञानिक साक्ष्य पर है.

About the Author

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *