विश्व के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाए सबसे ज्यादा रन, 13 साल से अटूट है मास्टर ब्लास्टर का महारिकॉर्ड

होमखेलक्रिकेट

विश्व के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाए सबसे ज्यादा रन

Last Updated:

5 batsman Most runs in international cricket: इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर 34,357 रनों के साथ टॉप पर हैं. उनके बाद मॉडर्न एरा के रन मशीन विराट कोहली, श्रीलंका के कुमार संगकारा, ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग और लंकाई दिग्गज माहेला जयवर्धने का नाम आता है. इन पांचों क्रिकेट दिग्गजों ने अपने शानदार आंकड़ों, बेमिसाल शतकों और मैराथन पारियों के दम पर विश्व क्रिकेट के इतिहास में विरासत कायम की है.

क्रिकेट जगत के 5 बल्लेबाज जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए.

नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में कई खिलाड़ी आए और गए, लेकिन कुछ नाम इतिहास के पन्नों पर सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाते हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दिग्गजों की कहानी किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं है. इस लिस्ट में सबसे ऊपर भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम आता है. 1989 से 2013 तक अपने 24 साल के लंबे करियर में सचिन ने देश के लिए 664 मुकाबले खेले. उन्होंने 782 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 74 बार नाबाद रहकर कुल 34,357 रन बनाए.

क्रिकेट के मैदान पर सिचन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) सर्वोच्च स्कोर 248 रन नाबाद रहा. सचिन के करियर का औसत 48.52 का रहा और उन्होंने 50,817 से अधिक गेंदों का सामना करते हुए 67.58 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों का महाशतक यानी 100 शतक और 164 अर्धशतक दर्ज हैं. हालांकि वे 34 बार शून्य पर भी आउट हुए, लेकिन उनके बल्ले से निकले 4,076 से अधिक चौके और 264 छक्के आज भी फैंस की यादों में ताजा हैं.

विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं
सचिन के बाद आधुनिक क्रिकेट के शहंशाह विराट कोहली (Virat Kohli) का नाम आता है. 2008 से 2026 तक के अपने शानदार करियर में विराट ने 562 मैचों की 629 पारियों में मैदान संभाला. 91 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 52.71 के बेमिसाल औसत से 28,359 रन अपने नाम किए. उनका उच्चतम स्कोर 254 रन नाबाद रहा है. विराट का खेल हमेशा से तेज और आक्रामक रहा है, जो उनके 79.73 के स्ट्राइक रेट और 35,567 गेंदों के सामना करने से झलकता है. अपने करियर में उन्होंने 85 शतक और 148 अर्धशतक ठोके हैं. हालांकि वे 40 बार खाता खोले बिना पवेलियन लौटे, लेकिन उनके 2,785 चौके और 325 छक्के यह साबित करते हैं कि वे मौजूदा दौर के सबसे घातक बल्लेबाजों में से एक हैं.

श्रीलंका के बाएं हाथ के जादूगर कुमार संगकारा तीसरे नंबर पर
तीसरे स्थान पर श्रीलंका के बाएं हाथ के जादूगर कुमार संगकारा (Kumar Sangakkara) का कब्जा है. 2000 से 2015 के बीच संगकारा ने एशियाई और आईसीसी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए 594 मैच खेले. 666 पारियों में 67 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 46.77 की औसत से 28,016 रन बनाए. उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 319 रन का रहा. संगकारा ने अपने करियर में 42,086 गेंदों का सामना किया और उनका स्ट्राइक रेट 66.56 का रहा. उनके खाते में 63 शतक और 153 अर्धशतक दर्ज हैं. वे 28 बार शून्य पर आउट हुए और अपनी पारियों के दौरान उन्होंने 3,015 चौके तथा 159 छक्के जमाए. क्लासिक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले संगकारा का दबदबा हर विरोधी टीम ने महसूस किया.

ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तान रिकी पोंटिंग भी लिस्ट में
ऑस्ट्रेलिया को दो बार विश्व विजेता बनाने वाले कप्तान रिकी पोंटिंग इस सूची में चौथे स्थान पर हैं. 1995 से 2012 के अपने सुनहरे दौर में पोंटिंग ने 560 मैचों में शिरकत की. 668 पारियों में 70 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 45.95 की औसत से कुल 27,483 रन बटोरे. उनका उच्चतम स्कोर 257 रन रहा. पोंटिंग ने 40,130 गेंदों का सामना करते हुए 68.48 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने 71 शतक और 146 अर्धशतक जड़े, जबकि वे 39 बार शून्य पर आउट हुए. उनकी आक्रामक शैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने करियर में 2,781 चौके और 246 छक्के लगाए.

श्रीलंकाई क्रिकेट के मजबूत स्तंभ माहेला जयवर्धने
इस ऐतिहासिक लिस्ट में पांचवां नाम श्रीलंका के ही एक और महान बल्लेबाज माहेला जयवर्धने का है. 1997 से 2015 तक श्रीलंका क्रिकेट की रीढ़ रहे जयवर्धने ने 652 मैच खेले, जो इस सूची में सचिन के बाद सबसे ज्यादा हैं. 725 पारियों में 62 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 39.15 की औसत से 25,957 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में 374 रनों की मैराथन पारी उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रही. उन्होंने 40,100 गेंदों का सामना किया और उनका स्ट्राइक रेट 64.73 का रहा. जयवर्धने ने 54 शतक और 136 अर्धशतक अपने नाम किए. वे 47 बार शून्य पर पवेलियन लौटे, लेकिन उनके बल्ले से निकले 2,679 चौके और 170 छक्के उनकी काबिलियत की गवाही देते हैं.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *