गाजियाबाद में ट्रैफिक नहीं रुका, फिर भी बन गया 58 मीटर लंबा मेट्रो ब्रिज, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर DMRC का कमाल

Last Updated:

Ghaziabad Metro News : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 के ऊपर 58.216 मीटर लंबे विशेष स्टील स्पैन को बनाने का काम सफलतापूर्वक हो गया है. इसमें सबसे खास बात यह रही कि पूरे निर्माण कार्य के दौरान एक्सप्रेसवे और हाईवे पर यातायात एक दिन के लिए भी बंद नहीं किया गया.

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बना मेट्रो स्‍पैन.

गाजियाबाद : दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) और एनएच-9 के ऊपर 58.216 मीटर लंबा स्टील मेट्रो स्पैन सफलतापूर्वक तैयार कर लिया है. खास बात यह रही कि पूरे निर्माण के दौरान एक्सप्रेसवे और हाईवे पर ट्रैफिक बंद नहीं किया गया. सड़क पर वाहन चलते रहे और साथ ही निर्माण कार्य भी पूरा होता रहा.

ब्लू लाइन मेट्रो का संचालन होगा आसान

यह स्पैन नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के आगे बन रही रिवर्सल फैसिलिटी का हिस्सा है. इसके बनने से ब्लू लाइन की मेट्रो ट्रेनें अपनी यात्रा पूरी करने के बाद आसानी से दिशा बदल सकेंगी. इस परियोजना में कुल दो बड़े स्टील स्पैन बनाए जा रहे हैं. पहला स्पैन तैयार हो चुका है, जबकि 73 मीटर लंबा दूसरा स्पैन इस साल के अंत तक बनने की उम्मीद है.

दो दिन तक लगातार चला काम

DMRC के इंजीनियरों ने बताया कि इस निर्माण की तैयारी कई महीनों से चल रही थी. 20 जुलाई की दोपहर से 22 जुलाई की सुबह तक करीब 48 घंटे लगातार काम किया गया. इस दौरान विशेष मशीनों की मदद से स्टील स्पैन को उसकी तय जगह तक पहुंचाया गया और करीब 14 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया.

तकनीकी रूप से था बेहद मुश्किल काम

यह निर्माण आसान नहीं था. मेट्रो स्पैन को एक तरफ व्यस्त दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 के ऊपर से ले जाना था, जबकि दूसरी तरफ हाईटेंशन बिजली लाइनों के नीचे से निकालना था. इसके लिए विशेष तकनीक और मशीनों का इस्तेमाल किया गया. DMRC का कहना है कि पहली बार किसी एक्सप्रेसवे के ऊपर बिना ट्रैफिक रोके इस तरह मेट्रो वायडक्ट का निर्माण किया गया है.

जाम की परेशानी जरूर हुई

हालांकि सड़क पूरी तरह बंद नहीं की गई, लेकिन निर्माण के दौरान कुछ जगहों पर खुदाई होने से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ता बंद नहीं हुआ, लेकिन ट्रैफिक धीमा रहने से रोजाना आने-जाने वालों को कुछ दिक्कत हुई. DMRC का कहना है कि यह काम पूरा होने से भविष्य में मेट्रो संचालन और अधिक सुगम होगा.

About the Author

काव्‍या मिश्रा

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *