Last Updated:
IND vs NZ Lockie Ferguson and Matt Henry : भारत के खिलाफ ईडन पार्क में होने वाले चौथा T20I भले ही हाउसफुल हो, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी चोटिल खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं. दोनों तेज गेंदबाज भारत के खिलाफ चल रही T20I सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है.
मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन टी-20 सीरीज से बाहर
नई दिल्ली: भारत से लगातार तीन मैच हारकर टी-20 सीरीज गंवाने के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को दो करारे झटके लगे हैं. स्टार तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी इंजर्ड होकर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. ये खबर 30 सितंबर को खेले जाने वाले चौथे मैच से पहले आई. अब मैट फिशर को लॉकी फर्ग्यूसन का रिप्लेसमेंट घोषित किया गया है.
दाहिनी पिंडली में दर्द से जूझ रहे लॉकी
वेलिंग्टन के हैगले ओवल में खेले गए दूसरे T20I के दौरान फर्ग्यूसन को अपनी दाहिनी पिंडली (calf) में दर्द महसूस हुआ था. स्कैन कराने पर पता चला कि उन्हें मांसपेशियों में हल्का खिंचाव (लो-ग्रेड टियर) हुआ है. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि वह एक से डेढ़ हफ्ते तक मैदान से बाहर रहेंगे.
मैट हेनरी दूसरे मैच में हुए थे इंजर्ड
इससे पहले मैट हेनरी भी इंजर्ड हो चुके हैं. दूसरे टी-20 के दौरान वह अपनी दाहिनी जांघ चोटिल कर बैठे थे, उनकी रिपोर्ट में भी यही पता लगा था कि ‘लो-ग्रेड टियर’ से उबरने के लिए, उन्हें एक से दो हफ्ते का समय लग सकता है. न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा:
हम लॉकी और मैट के लिए बहुत दुखी हैं. चोटें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा हैं, लेकिन जब आपको मैचों से बाहर होना पड़े तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता. मैट के लिए अच्छी बात यह है कि गर्मियों के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए, वे वैसे भी बाकी T20I मैचों में नहीं खेलने वाले थे. हमें उम्मीद है कि वे ODI सीरीज में अहम भूमिका निभाएंगे. मुझे पता है कि लॉकी कल ईडन पार्क में दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम के सामने खेलने के लिए बहुत उत्साहित थे, लेकिन वे ODI सीरीज में वापसी करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
जैमीसन भी नहीं खेलेंगे चौथा मैच
दूसरी ओर काइल जैमीसन भी वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत वेलिंग्टन में ही रुकेंगे. वह शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेल सकते हैं और इसके बाद सोमवार को ODI सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ जाएंगे. भारत पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर चुका है. अब सीरीज का चौथा T20I शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा.
