Last Updated:
दिल्ली के एम्स मेट्रो स्टेशन के बाहर मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में हत्या में बदल गई. 49 वर्षीय कपड़ा कारोबारी मनोज सिंह की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक आरोपी लोकेश को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एम्स मेट्रो स्टेशन के बाहर एक शख्स की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है. (एआई इमेज)
Delhi Crime News: दक्षिणी दिल्ली के एम्स मेट्रो स्टेशन के बाहर एक मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गई. सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले 49 वर्षीय कारोबारी मनोज सिंह की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक यह घटना 23 जुलाई की रात अरविंद मार्ग स्थित एम्स मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-3 के पास हुई. रात में झगड़े की सूचना मिलने पर हौज खास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर हालत में मनोज सिंह को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मृतक मनोज सिंह बिहार के नवादा जिले के माई गांव के रहने वाले थे. वह पिछले करीब 20 साल से सफदरजंग अस्पताल के गेट नंबर-3 के बाहर फुटपाथ पर कपड़े बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. पुलिस ने आरोपी की पहचान तैमूर नगर निवासी 40 वर्षीय लोकेश के रूप में की है.
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना की शुरुआत पास के एक बस स्टॉप पर हुई मामूली कहासुनी से हुई थी. दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया.
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर बेल्ट निकालकर मनोज सिंह पर हमला कर दिया. मृतक के बेटे बिट्टू कुमार ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह रात करीब 10 बजे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे. उसी दौरान मेट्रो स्टेशन के पास नशे में धुत एक व्यक्ति जानबूझकर उनके पिता से टकराया और झगड़ा करने लगा.
बिट्टू के मुताबिक, उनके पिता विवाद से बचने के लिए वहां से आगे बढ़ गए, लेकिन आरोपी उनका पीछा करता रहा. कुछ ही देर बाद उसने अपनी बेल्ट उतारी और पीछे से उनके पिता का गला घोंट दिया. हमले के बाद मनोज सिंह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े.
बिट्टू कुमार ने बताया कि परिवार को रात करीब 11 बजे इस घटना की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि उनके पिता पिछले दो दशकों से रेहड़ी लगाकर कपड़े बेचते थे और उसी कमाई से पूरे परिवार का गुजारा चलता था. पुलिस ने इस मामले में हौज खास थाने में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
