Commonwealth Games 2026: अजय बाबू ने वेटलिफ्टिंग में दिलाया छठा पदक, 79 किग्रा कैटेगरी में जीता सिल्वर, भारत की झोली में 10वां मेडल

Last Updated:

Ajaya Babu weightlifting silver: अजय बाबू ने स्नैच राउंड में शानदार बढ़त बनाई. दूसरे प्रयास में 149 किलोग्राम उठाने में असफल रहने के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में जोरदार वापसी करते हुए 149 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाया और नया गेम्स रिकॉर्ड बना दिया. इसके बाद क्लीन एंड जर्क में भी उन्होंने शानदार निरंतरता दिखाई. अजय ने अपने तीनों प्रयासों में 174 किलोग्राम, 178 किलोग्राम और 181 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया.

अजय बाबू ने भारत की झोली में डाला 10वां मेडल.

नई दिल्ली. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का दमदार प्रदर्शन लगातार जारी है. सोमवार देर रात अजय बाबू वल्लुरी ने पुरुष 79 किग्रा वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया. आंध्र प्रदेश के इस युवा वेटलिफ्टर ने कुल 330 किलोग्राम वजन उठाकर भारत की झोली में 10वां पदक डाला. हालांकि, वह स्वर्ण पदक से महज 1 किलोग्राम दूर रह गए. मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने 331 किलोग्राम के गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता.

सिर्फ 1 किलो से छूटा गोल्ड
अजय बाबू ने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 330 किलोग्राम का प्रदर्शन किया. मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने कुल 331 किलोग्राम (147+184) वजन उठाकर गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इंग्लैंड के क्रिस मरे ने 325 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक जीता.

स्नैच में बनाया गेम्स रिकॉर्ड, पहले स्थान पर रहे
अजय बाबू ने स्नैच में शानदार शुरुआत की. पहले प्रयास में उन्होंने 145 किलोग्राम आसानी से उठाया. दूसरे प्रयास में 149 किलोग्राम नहीं उठा सके, लेकिन तीसरे और अंतिम प्रयास में शानदार वापसी करते हुए यही वजन सफलतापूर्वक उठाया. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्नैच राउंड के बाद 149 किलोग्राम के साथ पहले स्थान पर रहे. इंग्लैंड के क्रिस मरे (148 किग्रा) और मलेशिया के एरी हिदायत (147 किग्रा) उनसे पीछे थे.

क्लीन एंड जर्क में आखिर तक चली रोमांचक जंग
क्लीन एंड जर्क में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. पहले मलेशिया के हिदायत ने 181 किलोग्राम उठाकर गेम्स रिकॉर्ड बनाया. कुछ ही समय बाद अजय बाबू ने भी 181 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाकर रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और कुल 330 किलोग्राम तक पहुंच गए. लेकिन आखिरी प्रयास में हिदायत ने 184 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बना दिया और कुल 331 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. अजय बाबू को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.

भारत का वेटलिफ्टिंग में छठा पदक
अजय बाबू का यह पदक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का वेटलिफ्टिंग में छठा पदक है. इससे पहले मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीता. ऋषिकांत सिंह ने रजत पदक हासिल किया. राजा मुथुपांडी ने रजत पदक अपने नाम किया. ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीता. बिंद्यारानी देवी ने कांस्य पदक जीता. सोमवार को ही भारत ने वेटलिफ्टिंग में तीन पदक जीते, जिससे यह दिन भारतीय दल के लिए बेहद यादगार बन गया.

कॉमनवेल्थ चैंपियन से CWG पदक विजेता तक का सफर
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के रहने वाले अजय बाबू पिछले कुछ वर्षों में भारत के सबसे उभरते हुए वेटलिफ्टरों में शामिल रहे हैं. उन्होंने 2025 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में पुरुष 79 किग्रा वर्ग में 335 किलोग्राम (152+183) के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता था. उसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सीधे क्वालिफाई किया था. अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतकर अजय बाबू ने साबित कर दिया कि वह आने वाले वर्षों में भारत के सबसे बड़े वेटलिफ्टिंग सितारों में से एक बनने की पूरी क्षमता रखते हैं.

About the Author

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *