Last Updated:
दिल्ली-नोएडा में अचानक से बारिश होने लगी, जिससे ना सिर्फ तापमान में गिरावट देखी गई बल्कि मौसम बेहद खुशनुमा हो गया. आईएमडी ने भी दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा भी साफ हो गई है.
बारिश से दिल्ली-नोएडा का मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है. (फाइल फोटो)
Delhi-Noida Rain: दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह बारिश हुई. दिल्ली के आसपास नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह 11 बजे घने काले बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई. नोएडा में तो तेज बारिश की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो गई, जिससे लोगों को ट्रैफिक की समस्या से जूझना पड़ा. भारी बारिश की वजह से दिल्ली के अनेक स्थानों पर पानी भर गया. मिंटो रोड पर एक तरफ से गाड़ियों की आवाजाही को रोकने की नौबत आ गई.
दूसरी तरफ, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भी राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में और बारिश होने की संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार, शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक 32.4 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा रिज में 37.6 मिमी, लोधी रोड में 36.7 मिमी, आया नगर में चार मिमी और पालम में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए शहर के कई हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार सुबह नौ बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 77 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शून्य से 50 के बीच होने पर उसे ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें
