Last Updated:
Noida Latest News: नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा में एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई. बताया जा रहा है कि टॉयलेट करने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह खुले नाले में गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत.
नोएडा: यूपी में नोएडा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा में मंगलवार को एक 70 साल के बुजुर्ग का शव नाले में मिला. बताते चलें बुजुर्ग टॉयलेट करने गए थे तभी खुले नाले में गिर गए. नाले में गिरने से उनका सिर और शरीर का ऊपरी हिस्सा पानी में डूब गया, जिससे उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नाले से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान रुमाल सिंह के रूप में हुई है. मौके पर मौजूद लोगों ने शव देखने के बाद बताया कि वह हर रोज इन्हें आता-जाता देखते थे. यह मामूरा की गली नंबर-7 में रहते थे.
घटना की सूचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद थाना फेस-3 पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है. उनका कहना है कि इलाके में खुले नाले लंबे समय से हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन उन्हें ढकने या सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते खुले नालों को ढक दिया जाता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था. वहीं सोशल मीडिया पर बुजुर्ग को नाले से बाहर निकालने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है.
About the Author
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें
