Ghaziabad-Jewar Airport Rapid Rail : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) बनने के बाद लगा था कि लोगों को दिल्ली तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. मगर, कनेक्टिविटी सही नहीं होने पर अभी भी लोग दिल्ली के इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट का रुख अपना लेते हैं. हालांकि, प्रशासन लगातार लोगों की पहुंच को तेज, सुगम और आसान बनाने के लिए काम कर रहा है. अब एक और मास्टरप्लान तैयार किया गया है. गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत रैपिड रेल दौड़ाने का विचार किया जा रहा है. आइए जानते हैं सब.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट के बीच प्रस्तावित ‘नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर’ (RRTS) को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. इस 72.44 किलोमीटर लंबे विशाल कॉरिडोर में क्षेत्रीय रैपिड ट्रेन (नमो भारत) के साथ-साथ स्थानीय मेट्रो सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. यह प्रोजेक्ट गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, नोएडा और जेवर एयरपोर्ट को सीधे आपस में जोड़ेगा.
एनसीआरटीसी ने बताया कि यह कॉरिडोर मौजूदा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के गाजियाबाद स्टेशन से शुरू होकर सीधे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाएगा. इसकी कुल लंबाई 72.44 किलोमीटर होगी. इसमें करीब 71.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि लगभग 1.29 किलोमीटर का सेक्शन भूमिगत बनाया जाएगा.
एक ही ट्रैक पर चलेंगी नमो भारत और मेट्रो
इस रूट पर कुल 29 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें से 11 स्टेशन ‘नमो भारत’ (रैपिड रेल) के लिए होंगे और 18 स्टेशन लोकल ‘मेट्रो’ सेवाओं के लिए होंगे. इससे दिल्ली-NCR के यात्रियों को दूरगामी रैपिड सफर के साथ-साथ स्थानीय आवाजाही का फायदा भी मिलेगा. इस कॉरिडोर पर ट्रेनों की अधिकतम परिचालन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. इससे गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर महज 40 से 50 मिनट में पूरा हो सकेगा.
11 नमो भारत स्टेशन
- गाजियाबाद (दक्षिण)
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12
- सूरजपुर
- अल्फा-1
- इकोटेक-6
- दनकौर
- यीडा नॉर्थ (सेक्टर-18)
- यीडा सेंट्रल (सेक्टर-21)
- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
यह है लोकल मेट्रो का रूट
सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा सेक्टर 16सी, इकोटेक 12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (सेक्टर-4), ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, नॉलेज पार्क 5, पुलिस लाइंस सूरजपुर, इकोटेक-2, नॉलेज पार्क-3, ओमेगा-2, फाई-3, इकोटेक-1ई, इकोटेक-8, दादुपुर, जुनेदपुर, यीडा सेक्टर-17, यीडा सेक्टर-15 और यीडा सेक्टर-33.
