Last Updated:
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले नॉर्थ वेस्ट दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक खतरनाक अपराधी सलमान उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया है. उसके पास से अत्याधुनिक ऑटोमैटिक पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस मिले हैं. आरोपी अपने साथी के साथ मारुति फ्रोंक्स कार से भागने की कोशिश कर रहा था. फरार साथी की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
15 अगस्त से पहले चेकिंग में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, चेकिंग तोड़कर भागे बदमाशों से मिला हथियारों का बड़ा जखीरा.
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनजर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है. राजधानी के चप्पे-चप्पे पर चेकिंग और पेट्रोलिंग लगातार जारी है. इसी कड़ी में नॉर्थ वेस्ट दिल्ली की मुखर्जी नगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने गश्त के दौरान एक खतरनाक बदमाश को अत्याधुनिक ऑटोमैटिक पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. यह बड़ी गिरफ्तारी विजय नगर इलाके से हुई है. पकड़े गए आरोपी का नाम सलमान उर्फ पहलवान है. सलमान मूल रूप से यूपी के बागपत का रहने वाला है. पुलिस की इस पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक साथी मौके से भागने में सफल हो गया. अब पुलिस इस बात की गहराई से इन्वेस्टिगेशन कर रही है कि 15 अगस्त से ठीक पहले हथियारों की यह खेप दिल्ली में क्यों लाई गई थी. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दिल्ली और यूपी में छापेमारी कर रही हैं.
मुखर्जी नगर पुलिस की टीम 12 अगस्त की रात करीब 8 बजे विजय नगर इलाके में गश्त पर थी. टीम डायना कॉफी शॉप और सूरजीत सिंह मार्ग के पास मौजूद थी. इसी दौरान सफेद रंग की एक मारुति फ्रोंक्स कार वहां से गुजरी. पुलिस को कार सवार लोगों की गतिविधियां बहुत संदिग्ध लगीं. पुलिस टीम ने तुरंत कार को रुकने का इशारा किया. कार रोकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस को चकमा दिया और तेजी से भागने की कोशिश की.
पीछा करने पर पुलिस ने खतरनाक अपराधी को कैसे दबोचा और क्या-क्या मिला?
बदमाशों को भागता देख गश्ती दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उनका पीछा किया. कार में सवार दोनों लोगों ने खुद को घिरता देख कार रोकी और एनडीपीएल कार्यालय की तरफ भागने का प्रयास किया. पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया. हालांकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने जब पकड़े गए 27 वर्षीय आरोपी सलमान की तलाशी ली, तो उसके पास से एक अत्याधुनिक ऑटोमैटिक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस मिले.
डैशबोर्ड में मिले और कारतूस, आखिर दिल्ली में क्या थी इस गैंग की खूनी साजिश?
आरोपी की तलाशी के बाद पुलिस ने उस मारुति फ्रोंक्स कार की भी सघन चेकिंग की. कार के डैशबोर्ड से 5 और जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सलमान पहले भी लूट और झपटमारी की कई वारदातों में शामिल रहा है. पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है.
मामले को लेकर एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये हथियार दिल्ली में किस वारदात को अंजाम देने के लिए लाए गए थे’. पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
