दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर विरोध का तांडव देखने को मिलेगा. कॉकरोच जनता पार्टी सहित नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों, वामपंथी ट्रेड यूनियनों ने सड़कों पर उतरने का ऐलान कर दिया है. इन संगठनों ने 26 नवंबर से 20 दिसंबर तक बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.
द टेलिग्राफ में छपी खबर के मुताबिक राजधानी में 26 नवंबर से एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों का दौर शुरू होने वाला है. सभी संगठन एसआईआर के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे. इस दौरान मंदिर मार्ग से जंतर मंतर तक पैदल मार्च करने का भी ऐलान किया गया है. सीजेपी का कहना है कि इस आंदोलन का उद्धेश्य प्रदर्शन स्थलों को दोबारा हासिल करना भी है.
26 नवंबर को नागरिक समाज के कार्यकर्ता, वामपंथी ट्रेड यूनियन केंद्र, किसान और छात्र संगठन और कॉकरोच जनता पार्टी समेत कई समूह मिलकर एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के खिलाफ प्रदर्शन दोबारा शुरू करेंगे. ये प्रदर्शन 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में शुरू होंगे और 20 दिसंबर तक जारी रहेंगे. इसे लेकर पीपल अगेंस्ट एसआईआर ने गुरुवार को अपनी बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
सीपीएम समर्थित अखिल भारतीय किसान सभा के वित्त सचिव पी. कृष्णप्रसाद ने बताया कि 26 नवंबर को मंदिर मार्ग से जंतर मंतर तक करीब चार किलोमीटर लंबा मार्च निकाला जाएगा. इसका मकसद प्रदर्शन स्थल को दोबारा हासिल करना है. इसके बाद पूरे देश में जनसभाएं होंगी, जिनमें एसआईआर से प्रभावित लोग अपने अनुभव और सबूत पेश करेंगे.
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज ने कहा, ‘भले ही चुनाव आयोग ने कुछ लोगों के नाम वोटर्स लिस्ट में दोबारा जोड़ दिए हों, लेकिन फॉर्म-6 रद्द करके पुराना एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना और पुराना ईपीआईसी नंबर वापस देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि कई लोग राशन कार्ड, पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं अपने वोटर कार्ड के आधार पर हासिल करते हैं. ईपीआईसी नंबर बदल जाने से वे इन योजनाओं का लाभ साबित नहीं कर पा रहे हैं. अनधिकृत बस्तियों में रहने वाले लोगों को भी पुनर्वास के लिए पुराना वोटर साबित करना पड़ता है, इसलिए नंबर बदलना नागरिकों के लिए खतरनाक है.’
कार्यकर्ताओं ने आगे बताया कि जिन जगहों पर एसआईआर अभी पूरा नहीं हुआ है, वहां गलत तरीके से हटाए गए वोटरों के लिए एन्यूमरेशन प्रक्रिया दोबारा खोली गई है. कई लोग ड्राफ्ट रोल में नाम न आने के कारण फॉर्म-6 भरकर नए वोटर के रूप में पंजीकरण करा चुके हैं. जहां एसआईआर पूरा हो चुका है, वहां एकमात्र रास्ता फॉर्म-6 के जरिए दोबारा पंजीकरण कराना है, जिससे नया ईपीआईसी मिलता है.
वहीं अभिनेता प्रकाश राज ने कहा, ‘जो लोग संविधान बचाने के लिए तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, उन्हें गिरफ्तार किया गया. वहीं गृह मंत्री तेलंगाना में तिरंगा लेकर मार्च निकाल रहे हैं और लोकतंत्र की बात कर रहे हैं.’.
उन्होंने आरोप लगाया, ‘तीन करोड़ लोगों को बांग्लादेशी घुसपैठिया बताना झूठ है, क्योंकि बांग्लादेश की कुल आबादी 17 करोड़ से थोड़ी ज्यादा है.’
