इंडियन स्कूटर मार्केट में जुलाई 2026 ने एक ऐतिहासिक मोड़ ला दिया. TVS Motor Company ने 2,56,675 यूनिट की बिक्री के साथ होंडा को पहली बार पीछे छोड़ दिया. Honda की बिक्री 2,33,337 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 12 प्रतिशत कम है. TVS ने 40 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की. पूरी इंडस्ट्री ने 7,98,190 यूनिट की सेल्स की है, जो जुलाई 2025 की तुलना में 24 प्रतिशत ज्यादा है.
इलेक्ट्रिक स्कूटरों की हिस्सेदारी 21 प्रतिशत तक पहुंच गई. TVS का मार्केट शेयर 32 प्रतिशत हो गया, जबकि होंडा का 29 प्रतिशत रह गया. ये बदलाव पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों सेगमेंट में TVS के मजबूत प्रदर्शन को दिखाता है. काफी समय से होंडा का दबदबा था, लेकिन अब कंपटीशन और तेज हो गया है. आइए, कंपनी-वाइज़ स्कूटर सेल्स रिपोर्ट पर एक नज़र डालते हैं.
TVS Motor Company
टीवीएस ने जुलाई में 2,56,675 स्कूटर बेचे. इसमें पेट्रोल मॉडल जैसे ज्यूपिटर, एनटॉर्क और जेस्ट की 1,97,289 यूनिट बिक्री हुई. इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में आईक्यूब और ऑर्बिटर ने 59,386 यूनिट का योगदान दिया, जो 158 प्रतिशत की वृद्धि है. कंपनी का मार्केट शेयर 32 प्रतिशत पहुंच गया. मजबूत प्रोडक्ट लाइनअप और ईवी फोकस ने टीवीएस को नंबर वन बना दिया है.
Honda 2-Wheelers
होंडा की बिक्री 2,33,337 यूनिट रही, जो 12 प्रतिशत घटी है. एक्टिवा और डियो जैसे मॉडलों पर निर्भरता के बावजूद मांग कमजोर रही. कंपनी के पास केवल 1,264 इलेक्ट्रिक यूनिट थे. मार्केट शेयर 41 प्रतिशत से घटकर 29 प्रतिशत हो गया है. लंबे समय की लीडरशिप छिनने के बाद होंडा को अब नई रणनीति पर काम करना पड़ सकता है.
Suzuki
सुजुकी ने 1,20,998 यूनिट बेचकर तीसरा स्थान हासिल किया. बिक्री में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. एक्सेस और अन्य मॉडलों की अच्छी डिमांड ने मदद की. कंपनी स्थिर प्रदर्शन के साथ बाजार में अपनी जगह मजबूत कर रही है.
Hero
हीरो ने 61,347 यूनिट बेचे. पिछले साल के मुकाबले 33 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि दर्ज हुई. स्कूटर सेगमेंट में हीरो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. नए मॉडल और मार्केटिंग प्रयासों से सेल में ये बढ़ोतरी देखी गई है.
Bajaj
बजाज ने 48,684 यूनिट की बिक्री के साथ पांचवां स्थान लिया. 301 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि मुख्य रूप से चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर के कारण हुई. ईवी सेगमेंट में बजाज की मजबूत उपस्थिति साफ दिखी. ये बढ़ोतरी कंपनी के फोकस को दिखाती है.
ऊपर बताई गई सेगमेंट की टॉप-5 स्कूटर सेलिंग कंपनियों के अलावा पिछले महीने Yamaha ने 36,783 यूनिट, Ather ने 31,044 यूनिट, River Indie ने 6,039 यूनिट और Piaggio ने 3,283 यूनिट सेल किए हैं.
