Last Updated:
Delhi Roof Top Gardening Tips In Summer: दिल्ली की झुलसाने वाली गर्मी और चिलचिलाती धूप में भी अब आपकी छत का गार्डन हरा-भरा और गुलजार रह सकता है. रूफ टॉप गार्डनिंग के जानकारों में शुमार अमन ने दिल्ली के मौसम के अनुकूल 5 ऐसे पौधों की सूची साझा की है, जो भीषण गर्मी में भी कम पानी और न्यूनतम देखभाल के साथ आसानी से पनपते हैं. अमन के मुताबिक बोगनवेलिया, टेकोमा, प्लंबैगो, जेट्रोफा और इक्सोरा जैसे पौधे न सिर्फ तापमान को संतुलित रखने में मदद करते हैं, बल्कि गर्मियों के दौरान आपकी छत की खूबसूरती में भी चार चांद लगा देते हैं.
नई दिल्ली: अगर आप दिल्ली की तेज गर्मी और धूप के बीच अपनी छत को हरा-भरा बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए ऐसे पौधे चुनना जरूरी है जो ज्यादा देखभाल और पानी के बिना भी आसानी से बढ़ सकें. अमन पिछले कुछ सालों से अपनी छत पर मिनी जंगल तैयार कर रहे हैं. उनके टेरेस गार्डन में कई तरह के पौधे हैं, जहां दिनभर पक्षियों और तितलियों की आवाजाही रहती है. अमन ने ऐसे 5 पौधे बताए हैं, जिन्हें दिल्ली में लगाया जा सकता है.
बोगनवेलिया
अमन के मुताबिक दिल्ली की गर्मी और तेज धूप के लिए बोगनवेलिया एक अच्छा पौधा है. इसे ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती और यह कई घंटे की तेज धूप भी सह सकता है. उनके टेरेस गार्डन में बोगनवेलिया की कई बेलें लगी हुई हैं. इन फूलों की वजह से यहां दिनभर अलग-अलग तरह के पक्षी और तितलियां आती हैं.
टेकोमा
पीले और नारंगी रंग के फूलों वाला टेकोमा भी दिल्ली के मौसम में आसानी से लगाया जा सकता है. अमन बताते हैं कि टेकोमा की कई किस्में होती हैं. आप अपने गार्डन की जगह के हिसाब से छोटा या बड़ा पौधा लगा सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं पड़ती. अमन ने अपने गार्डन में बोगनवेलिया और टेकोमा को एक साथ भी लगाया है.
प्लंबैगो
अगर आप गर्मियों में अपने गार्डन में नीले या हल्के बैंगनी रंग के फूल चाहते हैं तो प्लंबैगो लगाया जा सकता है. यह पौधा देखने में काफी सुंदर लगता है और ज्यादा पानी के बिना भी अच्छी तरह बढ़ सकता है. गर्मियों में इसके फूल टेरेस गार्डन की खूबसूरती और बढ़ा देते हैं.
जेट्रोफा
जेट्रोफा भी कम पानी में आसानी से बढ़ने वाले पौधों में शामिल है. दिल्ली की गर्मी में इसे लगाया जा सकता है. अगर आप ऐसा पौधा चाहते हैं जिसकी देखभाल में बहुत ज्यादा पानी खर्च न हो, तो यह अच्छा विकल्प हो सकता है.
इक्सोरा
अमन के पसंदीदा पौधों में इक्सोरा भी शामिल है. इसमें गुच्छे में फूल आते हैं और यह देखने में काफी खूबसूरत लगता है. लेकिन यह पौधा दक्षिण भारत में ज्यादा आसानी से बढ़ता है, लेकिन सही देखभाल के साथ इसे दिल्ली में भी उगाया जा सकता है. इसके लिए पानी और देखभाल बाकी पौधों के मुकाबले थोड़ी ज्यादा करनी पड़ सकती है.
हर पौधे की होती है अलग जरूरत
अमन का कहना है कि गार्डन में हर पौधे को एक जैसा पानी या खाद देना सही नहीं है. वह पौधों की तुलना बच्चों से करते हैं. जैसे हर बच्चे की जरूरत अलग होती है, वैसे ही हर पौधे की भी अलग जरूरत होती है. किसी पौधे को ज्यादा धूप चाहिए तो किसी को छांव, किसी को ज्यादा पानी चाहिए तो किसी को कम.कुछ पौधों में समय-समय पर वर्मी कम्पोस्ट डालना फायदेमंद हो सकता है. इसलिए पौधा लगाने से पहले उसकी जरूरत समझना जरूरी है. बोगनवेलिया जहां 8 घंटे से ज्यादा धूप भी सह सकता है, वहीं रैफिस पाम जैसे पौधे छांव में बेहतर रहते हैं.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें
