Last Updated:
Smallest fish Cleaning Tips: छोटी-सी पोठी मछली को साफ करना आसान नहीं होता. बोटी या चाकू से काटना मुश्किल हो जाता है और बाजार में भी इसे साफ करके नहीं देते. लेकिन इस आसान तरीके से बिना चाकू-बोटी के मछली की सारी स्केल्स, पंख और गलफड़े झटपट साफ हो जाएंगे.
छोटी-छोटी और नरम मौर्ला या पोठी मछली खाने में जितनी स्वादिष्ट होती है, उसे साफ करना उतना ही मुश्किल. इतनी छोटी और नाजुक मछली को बोटी से काटना भी आसान नहीं, क्योंकि मछली फट सकती है. ऊपर से बाजार में भी इसे साफ करके नहीं देते. ऐसे में इस आसान ट्रिक से बिना बोटी-चाकू के टोकरी भर मौर्ला मछली झटपट साफ करें.
पूंछ, पंख और गलफड़े साफ करना: मौर्ला मछली बहुत छोटी होती है, इसलिए इसके पंख और गलफड़े हाथ के नाखून से आसानी से खींचकर निकाले जा सकते हैं. इसके बाद पेट के पास हल्का-सा चीरा लगाकर थोड़ा दबाएं, इससे अंदर की गंदगी बाहर निकल जाएगी. अगर हाथ से पूंछ, पंख और गलफड़े साफ नहीं करना चाहते, तो कैंची से इन्हें काटकर अलग कर सकते हैं.
पोठी मछली को एक बड़ी प्लास्टिक की टोकरी में रखें और नल के नीचे पानी से धोते रहें. अब नारियल के छिलके से मछलियों को गोल-गोल घुमाते हुए हल्के हाथ से रगड़ें. ध्यान रखें कि सिर और बाकी हिस्से काटने से पहले मछली को इसी तरह साफ करें, इससे वह टूटेगी नहीं और जल्दी साफ हो जाएगी. कुछ देर रगड़ने के बाद टोकरी के नीचे रखे बर्तन में मछली की गंदगी और बारीक स्केल्स जमा होने लगेंगी. इस प्रक्रिया को कुछ बार दोहराने पर मौर्ला मछली अच्छी तरह साफ हो जाएगी. हालांकि, ज्यादा जोर से न रगड़ें, वरना मछली टूट सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्लास्टिक की टोकरी से मछली साफ करें: खाना ढकने के लिए इस्तेमाल होने वाली छेददार प्लास्टिक की टोकरी को मौर्ला मछली साफ करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. मछलियों को टोकरी में डालकर हाथ से छेदों के ऊपर हल्के-हल्के रगड़ते हुए कुछ बार घुमाएं. टोकरी के नीचे एक बर्तन रखकर नल के नीचे मछलियों को अच्छी तरह धो लें. मछली की सारी स्केल्स और गंदगी नीचे रखे बर्तन में जमा हो जाएगी. अगर हाथ से मछली रगड़ना पसंद नहीं है, तो हाथों में साफ प्लास्टिक की थैली, दूध का पैकेट या पार्सल डिलीवरी वाला सफेद पैकेट पहन सकते हैं.
मछली धोना: मौर्ला मछली साफ करने के बाद इसे एक चौड़े बर्तन में लेकर अच्छी तरह धो लें. अब मछली में नींबू का रस और नमक लगाकर 5-7 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के हाथों से मछली को रगड़कर धोएं, इससे गंध, गंदगी और चिकनाहट दूर हो जाएगी. आखिर में साफ ठंडे पानी से मछली को 2-3 बार अच्छी तरह धोकर छलनी में रख दें.
स्केल्स हटाने के दूसरे तरीके: मछली की स्केल्स हटाने के लिए कांच का किनारा, स्टील की चम्मच या कटोरी का इस्तेमाल किया जा सकता है. कुछ लोग इसके लिए दवाइयों की खाली स्ट्रिप भी इस्तेमाल करते हैं. मछली की पूंछ को मजबूती से पकड़कर सिर की तरफ कांच के किनारे से रगड़ें. इससे स्केल्स जल्दी निकल जाएंगी और चारों तरफ बिखरेंगी भी नहीं.
