Last Updated:
दिल्ली नगर निगम में समिति चुनाव के दौरान हुए हंगामे के बाद राजनीतिक विवाद तूल पकड़ने लगा है. मेयर प्रवेश वाही ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों पर चुनाव प्रक्रिया रोकने, अधिकारियों से अभद्र व्यवहार और मेयर कार्यालय में तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं. मेयर का कहना है कि आप ने चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारा था, फिर भी पार्षद चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने पहुंच गए. जानिए एमसीडी चुनाव में हुए पूरे विवाद की कहानी.
एमसीडी समिति चुनाव के दौरान हुए हंगामे को लेकर मेयर प्रवेश वाही ने AAP पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
नई दिल्ली. दिल्ली नगर निगम (MCD) में समिति चुनाव के दौरान हुए हंगामे को लेकर राजनीतिक विवाद अब चरम पर पहुंच गया है. दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आप पार्षदों ने चुनाव की प्रक्रिया रोकने की कोशिश की और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. दरअसल, एमसीडी में तदर्थ अनुसूचित जाति कल्याण समिति और अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों के कोटे से जुड़े मामलों की समिति के लिए चुनाव होना था. मेयर के मुताबिक, चुनाव की प्रक्रिया तय समय पर शुरू हुई थी. लेकिन इसी दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ पार्षद वहां पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया.
- मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव में अपना कोई उम्मीदवार ही खड़ा नहीं किया था. बावजूद इसके आप के पार्षद चुनाव वाली जगह पर पहुंचे और प्रक्रिया रोकने की कोशिश करने लगे.
- मेयर ने कहा कि अगर आप को चुनाव प्रक्रिया से कोई आपत्ति थी तो उसे रखने के लिए कानूनी और संवैधानिक रास्ते मौजूद हैं. लोकतंत्र में विरोध करने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन हंगामा करके चुनाव रोकने की कोशिश करना सही तरीका नहीं है.
- प्रवेश वाही के मुताबिक, हंगामे के दौरान पीठासीन अधिकारी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. उन्होंने कहा कि किसी संवैधानिक प्रक्रिया को दबाव या बल के जरिए रोकने की कोशिश लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है.
- मामला यहीं नहीं रुका. मेयर ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान हंगामे के बाद कुछ आप पार्षद उनके कार्यालय तक पहुंच गए. वहां दरवाजों और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है. इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की होने की भी बात सामने आई है.
- मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि उन्होंने पार्षदों की बात सुनने और उनकी शिकायत समझने की कोशिश की थी. लेकिन इसके बावजूद उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया. उन्होंने इसे सिर्फ अपना व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि मेयर कार्यालय और एमसीडी जैसी संस्था की गरिमा से जुड़ा मामला बताया है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें
