Last Updated:
पूर्वी दिल्ली का मयूर विहार फेज-3 इलाका एक सनसनीखेज हत्याकांड से दहल उठा. सुबह करीब 4 बजे अज्ञात हमलावरों ने 40 वर्षीय एक व्यक्ति को लकड़ी के भारी डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे एक सिक्योरिटी गार्ड को भी हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया. खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार सुबह एक शख्स की अज्ञात लोगों ने लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात सुबह करीब 4 बजे के आसपास की बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है. मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है.
चश्मदीद सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे दो युवक एक शख्स को लकड़ी के डंडे से बुरी तरह पीट रहे थे. सिक्योरिटी गार्ड ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को रोकने और मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान एक युवक ने उसे धमकी दे दी. इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने PCR कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां एक शख्स खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला. पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है. पुलिस अब हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है. पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी आपस में जानकार बताए जा रहे हैं.
CCTV में कैद हुई हत्या की वारदात
इस हत्या से जुड़ी CCTV फुटेज भी सामने आई है. फुटेज में दो लोग दीवार के पीछे एक शख्स के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. दोनों आरोपी उसे बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं. CCTV में घटना का समय रात करीब 3:30 बजे दर्ज है. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है और उनकी तलाश की जा रही है.
गार्ड नंदलाल ने बताया कि वह सुबह करीब 4:00 बजे जब अपने बाथरूम से वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि कुछ युवक एक व्यक्ति को बेरहमी से पीट रहे थे. नंदलाल ने जब हिम्मत जुटाकर उन हमलावरों को भगाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया. हमलावरों ने गार्ड को धमकाते हुए कहा कि चुपचाप यहां से भाग जाओ, वरना तुम्हें भी जान से मार देंगे. जान बचाने के डर से गार्ड तुरंत वहां से हटा और बिना देर किए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे. पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को खंगाल रही है. घटनास्थल के आसपास और भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को पुलिस द्वारा बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि हमलावरों के चेहरों की पहचान की जा सके और उनके भागने की दिशा का पता चल सके.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद की ओर इशारा कर रही है, लेकिन असली वजह आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगी. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द की जा सके.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें
