Last Updated:
दिल्ली के नेशनल साइंस सेंटर में 360 डिग्री डोम शो और फैंटेसी राइड की शुरुआत हुई है. सिर्फ 100 रुपये के एंट्री टिकट में दर्शक मॉल जैसा फन और थ्रिल का अनुभव कर सकते हैं. यह जगह बच्चों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यहां रोमांच के साथ-साथ ज्ञान भी मिलता है.
नई दिल्लीः बड़े-बड़े मॉल के गेमिंग या फन जोन में जाने पर आपको सबसे पहले एक कार्ड बनवाना पड़ता है. वह कार्ड कम से कम 1000 रुपये का होता है. उसमें भी आप केवल कुछ मिनटों के लिए ही अलग-अलग खेलों का आनंद ले पाते हैं. लेकिन अब आपको महंगे मॉल में फन और मस्ती के लिए ज्यादा रुपये खर्च नहीं करने होंगे.
दिल्ली के भैरव मार्ग पर स्थित नेशनल साइंस सेंटर में आप सिर्फ 100 रुपये की एंट्री टिकट लेकर मॉल जैसे सभी फन गेम्स का आनंद उठा सकते हैं. नेशनल साइंस सेंटर में 360 डिग्री डोम शो की शुरुआत हो चुकी है. यह शो किसी साधारण स्क्रीन पर नहीं, बल्कि हॉल की पूरी छत पर चलता है. यानी आप जिधर भी अपनी गर्दन घुमाएंगे. उधर ही आपको शो का शानदार दृश्य दिखाई देगा। दर्शक अपनी कुर्सी पर बैठकर आराम से इस शो का मजा ले सकते हैं.
इसके अलावा, यहां फैंटेसी राइड भी उपलब्ध है, जो आमतौर पर किसी देश के मॉल में आसानी से नहीं मिलती. साथ ही दर्शक यहां वर्चुअल रियलिटी (VR) का अनुभव भी ले सकते हैं. यह सब कुछ एक ही छत के नीचे नेशनल साइंस सेंटर में मिल रहा है.
नेशनल साइंस सेंटर के प्रधान क्यूरेटर मोइनुद्दीन अंसारी ने बताया कि 360 डिग्री डोम शो बच्चों को बहुत प्रेरित करता है. इससे बच्चों को पर्यावरण, अंतरिक्ष और ग्रहों के बारे में पूरी जानकारी मिलती है. डोम शो की टिकट 60 रुपये रखी गई है, जबकि नेशनल साइंस सेंटर में प्रवेश और उसकी गैलरी घूमने की टिकट 100 रुपये प्रति व्यक्ति है.
इसके अलावा यहां 3D ऑडिटोरियम है, जिसकी टिकट 40 रुपये है. वर्चुअल रियलिटी थिएटर और फैंटेसी राइड की टिकट 100-100 रुपये रखी गई है. बाकी अन्य शो की टिकटें 40 से 50 रुपये के बीच हैं. 100 रुपये की प्रवेश टिकट में दर्शक नेशनल साइंस सेंटर की 10 अलग-अलग गैलरी आसानी से देख सकते हैं.
अगर आप अपने बच्चों को रोमांच के साथ ज्ञान देना चाहते हैं, तो यह एक बेहतरीन जगह है. यहां बच्चे विज्ञान, अंतरिक्ष और पर्यावरण को बहुत बारीकी से समझ सकते हैं। कुर्सी पर बैठते ही दर्शक एक काल्पनिक वर्चुअल दुनिया में पहुंच जाते हैं. सामने तैरते सूरज और ग्रहों को देखकर ऐसा लगता है जैसे आप सच में अंतरिक्ष में आ गए हैं. बच्चों के अलावा युवा और बुजुर्ग भी यहां खूब आ रहे हैं. यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन ‘सुप्रीम कोर्ट’ है. नेशनल साइंस सेंटर भारत मंडपम के ठीक पास स्थित है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें
