2026 Maruti Baleno vs Tata Altroz: देश के प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में बलेनो और अल्ट्रोज लंबे समय से एक-दूसरे की कंपटीटर्स रही हैं. हाल ही में नए अवतार में लॉन्च हुई बलेनो फेसलिफ्ट ने इस मुकाबले को और रोचक बना दिया है. नई बलेनो की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख रुपये (सिग्मा पेट्रोल मैनुअल) से शुरू होकर 9.99 लाख रुपये (अल्फा ओ एएमटी) तक जाती है.
वहीं, टाटा अल्ट्रोज की कीमत करीब 6 लाख रुपये (स्मार्ट पेट्रोल) से शुरू होकर 10.75-10.90 लाख रुपये (टॉप वेरिएंट) तक पहुंचती है. दोनों कारें लगभग समान प्राइस रेंज में उपलब्ध हैं, लेकिन फीचर्स, सेफ्टी, इंजन ऑप्शन और माइलेज में काफी अंतर है. अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो ये तुलना आपके फैसले को आसान बना सकती है. आइए दोनों की डिज़ाइन से लेकर इंजन-परफॉरमेंस डिटेल पर एक नज़र डालते हैं.
डिज़ाइन डिटेल
बलेनो फेसलिफ्ट में फ्रंट एंड को काफी अपडेट किया गया है. बड़ा ग्रिल, क्रोम स्लैट्स, रीडिज़ाइन्ड बम्पर, नए फॉग लैंप हाउसिंग, शार्क फिन एंटीना और फ्रंट फेंडर पर क्रोम गार्निश इसे फ्रेश लुक देते हैं. पीछे की डिज़ाइन ज्यादा नहीं बदली है. डायमेंशन भी वही हैं. इसकी लंबाई 3990 मिमी, व्हीलबेस 2520 मिमी है.
अल्ट्रोज का डिज़ाइन मॉडर्न, बोल्ड और मस्कुलर है. 3डी ग्रिल, शार्प डीआरएल और मजबूत बिल्ड क्वालिटी इसे अलग पहचान देते है. अल्ट्रोज थोड़ी चौड़ी (1755 मिमी) और ऊंची (1523 मिमी) है, व्हीलबेस 2501 मिमी है. बूट स्पेस अल्ट्रोज में 345 लीटर है, जबकि बलेनो में 318 लीटर है. दोनों ही स्टाइलिश हैं, लेकिन अल्ट्रोज का लुक ज्यादा प्रीमियम और स्टडी लगता है.
केबिन और कम्फर्ट
बलेनो का केबिन प्रीमियम फील देता है. 9 इंच टचस्क्रीन, सेमी-डिजिटल क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स (टॉप वेरिएंट), कूल्ड वायरलेस चार्जर, क्लैरियन साउंड सिस्टम और हेड-अप डिस्प्ले उपलब्ध हैं. स्पेस अच्छा है और फिट-फिनिश मारुति स्टैंडर्ड का है. अल्ट्रोज में डुअल 10.25 इंच स्क्रीन (इंफोटेनमेंट + डिजिटल क्लस्टर) टॉप वेरिएंट में मिलते हैं. केबिन स्पेस और बिल्ड क्वालिटी मजबूत है. रियर एसी वेंट्स, सनरूफ (कुछ वेरिएंट में) और अधिक सॉलिड फील अल्ट्रोज को बढ़त देता है. दोनों में स्पेस पर्याप्त है, लेकिन अल्ट्रोज का इंटीरियर ज्यादा प्रीमियम और रॉबस्ट लगता है.
फीचर्स में कौन अच्छा?
बलेनो फेसलिफ्ट में लेवल 2 एडास (अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग आदि), 360 डिग्री कैमरा, टीपीएमएस, वेंटिलेटेड सीट्स और वायरलेस चार्जर जैसे फीचर्स हैं. सनरूफ और रियर आर्मरेस्ट अभी भी नहीं हैं. अल्ट्रोज में 360 डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग, टचस्क्रीन, डिजिटल क्लस्टर और कुछ वेरिएंट में सनरूफ उपलब्ध हैं. एडास बलेनो को आगे ले जाता है, जबकि अल्ट्रोज के कुछ कन्वीनियंस फीचर्स और स्क्रीन साइज आकर्षक हैं.
सेफ्टी में किसे ज्यादा नंबर?
ये अल्ट्रोज का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है. अल्ट्रोज को Bharat NCAP में 5 स्टार रेटिंग मिली है. सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग, ईएससी, आईएसओफिक्स स्टैंडर्ड हैं. बलेनो में भी 6 एयरबैग, ईएससी, हिल होल्ड असिस्ट स्टैंडर्ड हैं और टॉप वेरिएंट में लेवल 2 ADAS के साथ 360 डिग्री कैमरा मिलता है. बलेनो की Bharat NCAP रेटिंग 4 स्टार के आसपास है. सेफ्टी को प्राथमिकता देने वाले खरीददारों के लिए अल्ट्रोज क्लियर विनर है.
इंजन और माइलेज
बलेनो में नया 1.2 लीटर 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन है, जो 83 एचपी और 112 एनएम टॉर्क देता है. 5-स्पीड मैनुअल या एएमटी उपलब्ध है. सीएनजी में 70 एचपी/102 एनएम है. ARAI क्लेम्ड माइलेज पेट्रोल मैनुअल में 23.80 किमी/लीटर, एएमटी में 24.77 किमी/लीटर और सीएनजी में 33.61 किमी/किग्रा है.
अल्ट्रोज में 1.2 लीटर रेवोट्रॉन पेट्रोल (88 एचपी/115 एनएम), 1.5 लीटर डीजल (90 एचपी/200 एनएम) और सीएनजी (लगभग 72-74 एचपी) ऑप्शन हैं. ट्रांसमिशन में मैनुअल, एएमटी और डीसीटी उपलब्ध है. माइलेज पेट्रोल में 19.33 किमी/लीटर, डीजल में 23.64 किमी/लीटर और सीएनजी में करीब 26.2-27.8 किमी/किग्रा तक है. बलेनो माइलेज और सिटी ड्राइविंग में बेहतर है, जबकि अल्ट्रोज पावर और डीजल ऑप्शन में आगे है.
किसे खरीदें?
कुल मिलाकर, अगर माइलेज, फीचर्स (खासकर ADAS) और सर्विस नेटवर्क प्राथमिकता है, तो नई बलेनो बेहतर विकल्प है. सेफ्टी, बिल्ड क्वालिटी, इंजन ऑप्शन (डीजल) और प्रीमियम फील के लिए अल्ट्रोज चुनी जा सकती है. बजट, जरूरत और प्राथमिकताओं के आधार पर दोनों कारें अच्छी हैं. खरीदने से पहले दोनों की टेस्ट ड्राइव जरूर लें.
